
नई दिल्ली: ग्लोबल स्पेस इकोनॉमी तेजी से बदल रही है। साल 2024 में 600 अरब डॉलर (करीब 57 लाख करोड़ रुपये) से अधिक का यह सेक्टर करीब 7.8% की सालाना चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़ते हुए 2032 तक 1 लाख करोड़ डॉलर (करीब 95 लाख करोड़ रुपये) तक पहुंचने का अनुमान है।
इस विशाल वैश्विक बाजार में भारत अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रहा है। लेकिन भारतीय स्पेस सेक्टर और यहां के उभरते हुए स्टार्टअप्स के लिए सबसे बड़ा गेम चेंजर कोई सरकारी योजना नहीं, बल्कि देश के सबसे बड़े बिजनेसमैन मुकेश अंबानी की कंपनी 'रिलायंस जियो' का एक व्यावसायिक फैसला होने वाला है। ध्यान रहे कि रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी ने जून महीने में कहा था कि उनकी कंपनी अपना सैटेलाइट नेटवर्क तैयार करने पर विचार कर रही है।
इन्वेस्टमेंट एडवाइजरी कंपनी वैल्यु क्वेस्ट ने स्पेस सेक्टर से जुड़ी अर्थव्यवस्था पर गहन शोध किया है। उसकी रिपोर्ट कहती है कि रिलायंस जियो के फैसले से तय होगा कि निकट अवधि में भारत का स्पेस इकोसिस्टम कौन सी दिशा लेगा। प्रश्न है कि क्या रिलायंस जियो बड़े पैमाने पर अपना खुद का लो-अर्थ ऑर्बिट (LEO) ब्रॉडबैंड कॉन्स्टेलेशन (सैटेलाइट नेटवर्क) तैयार करेगा या अमेरिकी कंपनी स्टारलिंक के साथ आगे बढ़ेगा?
जियो ने अपना सैलेटलाइन नेटवर्क तैयार करने के रास्ते पर कदम बढ़ाया तो यह भारतीय स्पेस सेक्टर के लिए वही काम कर सकता है जो एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के लिए स्टारलिंक ने किया था। स्टारलिंक ने बड़े पैमाने पर सैटेलाइट लॉन्च करके स्पेसएक्स के रॉकेट लॉन्च बिजनेस को एक बड़ा आधार और वॉल्यूम दिया, जिससे उसकी लागत बेहद कम हो गई। यदि जियो 500 से 1,000 लियो सैटेलाइट्स का एक काल्पनिक नेटवर्क बनाने का फैसला करता है, तो इससे भारतीय स्पेस इकोसिस्टम को ये बड़े फायदे होंगे।
पहला, नेटवर्क को स्थापित करने और पुराने सैटेलाइट्स को बदलने के लिए हर साल 100 से 200 सैटेलाइट्स लॉन्च करने की जरूरत होगी। यह स्काईरूट (Skyroot), अग्निकुल (Agnikul) और HAL-L&T PSLV कंसोशियम जैसे भारतीय लॉन्च प्रदाताओं के लिए एक बड़ा और दीर्घकालिक सहारा बनेगा।
दूसरा, भारत में पहली बार वास्तविक स्तर पर बड़े पैमाने पर सैटेलाइट बस (Satellite Bus) निर्माण कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिससे लागत में कमी आएगी।
तीसरा, देशभर में ग्राउंड-स्टेशन नेटवर्क की आवश्यकता होगी, जिससे सैटकॉम (SATCOM) इन्फ्रास्ट्रक्चर, टर्मिनल्स और सिग्नल प्रोसेसिंग की मांग लगातार बनी रहेगी।
और चौथा, कॉन्स्टेलेशन मैनेजमेंट और नेटवर्क कंट्रोल जैसे क्षेत्रों में भारतीय सॉफ्टवेयर कंपनियों के लिए नए रास्ते खुलेंगे, जो इस वैल्यू चेन का सबसे सुरक्षित और उच्च मूल्य वाला हिस्सा है।
जियो के इस फैसले से भारत के सामने दो मुख्य रास्ते उभरते हैं। पहला, यदि जियो खुद का सैटेलाइट नेटवर्क बनाता है, तो इससे घरेलू स्तर पर लॉन्चिंग, सैटेलाइट बस, कंपोनेंट्स और ग्राउंड सिस्टम की भारी मांग पैदा होगी, जो पूरे भारतीय स्पेस इकोसिस्टम को तेजी से विकसित करेगी।
दूसरा, यदि जियो खुद का नेटवर्क बनाने के बजाय स्टारलिंक के साथ डिस्ट्रीब्यूशन मॉडल अपनाता है, तो भारत में विदेशी ब्रॉडबैंड इन्फ्रास्ट्रक्चर तेजी से आ जाएगा। लेकिन, इससे घरेलू स्पेस इकोसिस्टम के पूरी तरह विकसित होने से पहले ही उसके बाजार पर विदेशी कंपनियों का कब्जा होने का जोखिम बढ़ जाएगा।
वैल्यु क्वेस्ट की रिपोर्ट कहती है कि ग्लोबल स्पेस रेस में भारत के पास कुछ ऐसे मजबूत और टिकाऊ फायदे हैं जो उसे दुनिया के अन्य देशों से अलग बनाते हैं।
इसरो (ISRO) के मिशन पश्चिमी देशों की तुलना में महज 10-20% लागत में पूरे होते हैं। चंद्रयान 3 मात्र 7.5 करोड़ डॉलर (615 करोड़ रुपये) और मार्स ऑर्बिटर मिशन 7.4 करोड़ डॉलर (करीब 607 करोड़ रुपये) में पूरा हुआ था। भारत के प्राइवेट स्पेस स्टार्टअप्स भी इसी कम लागत की फिलॉसफी पर काम कर रहे हैं और LEO के लिए $200-300 प्रति किलोग्राम का लक्ष्य रख रहे हैं।
दूसरी तरफ, भारत में हर साल लगभग 1.5 मिलियन STEM ग्रेजुएट्स निकलते हैं। आईआईटी (IIT) और आईआईएससी (IISc) के टॉप टैलेंट अब सॉफ्टवेयर सर्विसेज से निकलकर स्पेस स्टार्टअप्स की ओर रुख कर रहे हैं। जहां तक बात सैटेलाइट लॉन्चिंग स्थल की है तो श्रीहरिकोटा (13.7°N) और नया कुलशेखरपट्टनम स्पेसपोर्ट अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट्स के लिए सबसे पसंदीदा ऑर्बिट (SSO) के लिए बेहतरीन कवरेज प्रदान करते हैं।
भारत को ग्राहकों की भी कभी कमी नहीं होगी क्योंकि यह अमेरिका-चीन में से किसी की भी खेमेबंदी से बाहर है। इसके चलते भारत उन देशों के लिए एक भरोसेमंद मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस हब बन सकता है जो अपनी सप्लाई चेन में विविधता लाना चाहते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि स्पेस सेक्टर अब केवल रॉकेट उड़ाने तक सीमित नहीं रह गया है। असली मुनाफा और वैल्यू चेन का सबसे बड़ा हिस्सा, लगभग 70% रेवेन्यू, सैटेलाइट सर्विसेज, डेटा प्रोसेसिंग, जियोस्पेशियल एनालिटिक्स, एआई और सुरक्षा सॉफ्टवेयर से आता है।
भारत सरकार ने भी 2020 के स्पेस रिफॉर्म्स और 2023 की स्पेस पॉलिसी के जरिए निजी क्षेत्र के लिए दरवाजे खोल दिए हैं। साल 2019 में भारत में केवल 11 प्राइवेट स्पेस कंपनियां थीं, वहीं आज इनकी संख्या 400 से अधिक हो चुकी है। अब देखना यह होगा कि क्या रिलायंस जियो भारत को इस 1 ट्रिलियन डॉलर के ग्लोबल स्पेस मार्केट का सिरमौर बनाने की दिशा में होता है या नहीं?
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.