
Pankaj Tripathi property: मुंबई की प्रॉपर्टी मार्केट इन दिनों जबरदस्त तेजी में है। ऐसे में कई हाई-प्रोफाइल लोग इस रेस में शामिल हो रहे हैं। अब इस लिस्ट में नाम जुड़ गया है मशहूर अभिनेता पंकज त्रिपाठी का, जिन्होंने अपनी पत्नी मृदुला त्रिपाठी और बेटी आशी त्रिपाठी के साथ मिलकर मुंबई में दो फ्लैट खरीदे हैं। रियल एस्टेट प्लेटफॉर्म Square Yards के मुताबिक, इन दोनों प्रॉपर्टीज की कुल कीमत ₹10.85 करोड़ है।
पहला फ्लैट पंकज त्रिपाठी और उनकी बेटी आशी ने मिलकर खरीदा है। ये फ्लैट मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में है और इसकी कीमत ₹9.98 करोड़ है। इसमें 188.22 वर्ग मीटर का RERA कारपेट एरिया है, यानी करीब 2,026 स्क्वायर फीट। साथ ही 32.14 वर्ग मीटर का बालकनी एरिया भी है। इस डील में तीन कार पार्किंग स्पेस शामिल हैं। जुलाई 2025 में रजिस्ट्रेशन हुआ और इसके लिए ₹59.89 लाख की स्टांप ड्यूटी और ₹30,000 की रजिस्ट्रेशन फीस दी गई।
दूसरी प्रॉपर्टी पंकज त्रिपाठी की पत्नी मृदुला और बेटी आशी ने मिलकर खरीदी है। ये फ्लैट कांदिवली वेस्ट में है और इसकी कीमत ₹87 लाख है। इसमें 39.48 वर्ग मीटर का RERA कारपेट एरिया है, यानी करीब 425 स्क्वायर फीट। सितंबर 2025 में रजिस्ट्रेशन हुआ और ₹4.35 लाख की स्टांप ड्यूटी व ₹30,000 की रजिस्ट्रेशन फीस दी गई।
इन दोनों प्रॉपर्टी के साथ पंकज त्रिपाठी और उनका परिवार अब उन हाई-प्रोफाइल लोगों की लिस्ट में शामिल हो गया है जो मुंबई की तेजी से बढ़ती प्रॉपर्टी मार्केट में अपनी जगह मजबूत कर रहे हैं।
ANAROCK Research के मुताबिक, 2025 के पहले छह महीनों में मुंबई की रियल एस्टेट मार्केट ने अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है। महाराष्ट्र राजस्व विभाग के डेटा के अनुसार, जनवरी से जून 2025 के बीच शहर में 75,672 प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन हुए, जो पिछले साल की तुलना में 4% ज्यादा है।
पिछले एक साल में शेयर बाजार में रिटर्न कमजोर रहा है, जिसकी वजह से कई निवेशक अब रियल एस्टेट, गोल्ड जैसे विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। नेशनल हाउसिंग बैंक के मुताबिक, 2025-26 की पहली तिमाही में देश के 50 में से 45 शहरों में प्रॉपर्टी की कीमतें बढ़ीं। मुंबई में 5.2% की सालाना बढ़त दर्ज की गई।