Adani Green Energy Q2 Results: अडानी समूह की हरित ऊर्जा क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 644 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ हुआ है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले 25 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने मंगलवार को वित्तीय परिणामों की घोषणा की। उसने बताया कि तिमाही के दौरान बिजली आपूर्ति से प्राप्त उसका राजस्व 20.28 प्रतिशत बढ़कर 2,776 करोड़ रुपये हो गया। उपकरणों और अन्य सेवाओं की बिक्री घटने से हालांकि कुल राजस्व 4.33 फीसदी कम होकर 3,249 करोड़ रुपये रह गया।
पहली तिमाही में बंपर कमाई
अडानी ग्रीन एनर्जी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में उसकी बिजली बिक्री 39 प्रतिशत बढ़कर 1,956.9 करोड़ इकाई पर पहुंच गयी। छमाही के दौरान नकद मुनाफा 17 फीसदी की वृद्धि के साथ 3,094 करोड़ रुपये पर रहा।
अडानी ग्रीन एनर्जी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष खन्ना ने कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष के पहले छह महीने में हरित ऊर्जा की अपनी स्थापित क्षमता में 2.4 गीगावाट की वृद्धि की। उसने पूरे वित्त वर्ष के दौरान क्षमता पांच गीगावाट बढ़ाकर कुल स्थापित क्षमता 50 गीगावाट करने का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने कहा कि हम लगातार नवाचारी हरित ऊर्जा प्रौद्योगिकियों को अपना रहे हैं और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए हमारे कारोबार के अधिक से अधिक पहलुओं का डिजिटलीकरण कर रहे हैं।
कंपनी ने बताया कि गुजरात के खावड़ा में 30 गीगावाट के नवीकरणीय ऊर्जा संयंत्र में कुल स्थापित क्षमता अब 7.1 गीगावाट हो गयी है। इसमें सौर, पवन एवं हाइब्रिड तीनों ऊर्जा शामिल हैं। संयंत्र का निर्माण कार्य साल 2029 तक पूरा होने की उम्मीद है।