Amul Brand: भारत के करोड़ों उपभोक्ताओं के बीच अपनी मजबूत पकड़ रखने वाले अमूल ने अब ग्लोबल लेवल पर भी अपनी ब्रांड ताकत का लोहा मनवा लिया है। ब्रांड फाइनेंस (Brand Finance) की फूड एंड ड्रिंक Food & Drink 2026 रैंकिंग में अमूल को दुनिया का सबसे मजबूत डेयरी ब्रांड घोषित किया गया है। अमूल को ब्रांड स्ट्रेंथ इंडेक्स (Brand Strength Index - BSI) में 100 में 93 अंक मिले हैं और उसे AAA+ रेटिंग दी गई है।
अमूल ने इस रैंकिंग में कई बड़े अंतरराष्ट्रीय डेयरी ब्रांडों को पीछे छोड़ा है। वियतनाम का विनामिल्क (Vinamilk) 89.6 अंक के साथ दूसरे और फिनलैंड का वालियो (Valio) 88.3 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। चीन का मेंगनीउ (Mengniu) 87.2 अंक के साथ चौथे और यिली (Yili) 85 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहा।
किन बातों पर मिली अमूल को इतनी मजबूत रैंकिंग?
ब्रांड स्ट्रेंथ इंडेक्स (Brand Strength Index) केवल किसी कंपनी की बिक्री या कमाई को नहीं देखता है। इसमें ब्रांड की पहचान, ग्राहकों का भरोसा, प्रतिष्ठा और खरीदारी के फैसले को प्रभावित करने की क्षमता जैसे पहलुओं को शामिल किया जाता है। इन पैमानों पर अमूल ने बेहतर प्रदर्शन किया है। यही वजह है कि अमूल की यह उपलब्धि सिर्फ उसके कारोबार के आकार से जुड़ी नहीं है, बल्कि भारतीय उपभोक्ताओं के बीच दशकों से बनी उसकी विश्वसनीयता और मजबूत पहचान भी शामिल है।
ब्रांड वैल्यू में यिली सबसे आगे
सबसे मजबूत डेयरी ब्रांड का खिताब अमूल के पास है, लेकिन सबसे मूल्यवान डेयरी ब्रांड चीन की यिली (Yili) है। ब्रांड फाइनेंस के मुताबिक यिली की ब्रांड वैल्यू 29 फीसदी बढ़कर 14.5 अरब डॉलर हो गई है। इसके बाद डैनोन (Danone) की ब्रांड वैल्यू 8.2 अरब डॉलर और मेंगनीउ (Mengniu) की 6 अरब डॉलर रही। अमूल 5 अरब डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ दुनिया का चौथा सबसे मूल्यवान डेयरी ब्रांड है।
अमूल की ब्रांड वैल्यू भी 22% बढ़ी
अमूल के लिए सिर्फ मजबूती की रैंकिंग ही अच्छी खबर नहीं है। उसकी ब्रांड वैल्यू भी एक साल में 22 फीसदी बढ़कर 5 अरब डॉलर पहुंच गई है। इसके साथ अमूल दुनिया के दूसरे सबसे मजबूत फूड ब्रांड के रूप में भी सामने आया है। इसके अलावा वह दुनिया के सबसे मूल्यवान फूड ब्रांडों में 13वें स्थान पर है और वैश्विक टॉप-50 फूड ब्रांडों में शामिल होने वाला अकेला भारतीय ब्रांड है।
भारतीय डेयरी ब्रांड की वैश्विक पहचान मजबूत
अमूल की यह रैंकिंग भारतीय डेयरी उद्योग के लिए भी अहम मानी जा रही है। एक तरफ अमूल ने उपभोक्ता भरोसे और ब्रांड ताकत के मामले में दुनिया के बड़े नामों को पीछे छोड़ा है, वहीं दूसरी तरफ उसकी बढ़ती ब्रांड वैल्यू भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय डेयरी ब्रांड की मजबूत होती पहचान को दिखाती है।
इस रैंकिंग से यह भी साफ होता है कि किसी ब्रांड की ताकत सिर्फ उसकी कीमत से तय नहीं होती। उपभोक्ताओं का भरोसा, पहचान और खरीदारी पर प्रभाव भी किसी ब्रांड को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं।