10 जुलाई से H-1B वीजा और ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन शुरू, जानें क्या करें और क्या नहीं

आपको भी अमेरिका में नौकरी करने के लिए एच-1बी वीजा चाहिए या वहां का स्थायी निवासी बनने के लिए ग्रीन कार्ड का आवेदन करना है तो समय नजदीक आ गया है। इससे पहले अमेरिकी नागरिकता और आव्रजन सेवा (USCIS) ने आवेदन के दस्तावेजों पर सिग्नेचर को लेकर नया नियम लागू करने का ऐलान कर दिया है।

Naveen Kumar Pandey
अपडेटेड8 Jul 2026, 07:56 PM IST
ट्रंप एडमिनिस्ट्रेशन में सख्त हो रहे हैं अमेरिकी वीजा के नियम। (सांकेतिक फोटो)
ट्रंप एडमिनिस्ट्रेशन में सख्त हो रहे हैं अमेरिकी वीजा के नियम। (सांकेतिक फोटो)

आप भी इस बार अमेरिकी वीजा लगवाना चाहते हैं या आपको वहां का ग्रीन कार्ड चाहिए तो नया नियम जान लेना बहुत जरूरी है। यूएस सिटिजनशिप एंड इमिग्रेशन सर्विसेज (USCIS) शुक्रवार, 10 जुलाई से एच-1बी वीजा और ग्रीन कार्ड के आवेदन स्वीकार करेगा। लेकिन उसने स्पष्ट कर दिया है कि एच-1बी वीजा का आवेदन हो या ग्रीन कार्ड का, अब वह हस्ताक्षर को लेकर थोड़ी भी गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करेगा।

गलत हस्ताक्षर को ठीक करने का मौका नहीं

अमेरिकी सरकार के नागरिकता एवं आव्रजन विभाग ने कहा कि वह गलत हस्ताक्षर को ठीक करने का मौका नहीं देगा। USCIS ने एक बयान में कहा, 'इमिग्रेशन बेनिफिट सिस्टम की विश्वसनीयता बनाए रखने और इसके लिए आवेदन करने वालों की पहचान की पुष्टि के लिए USCIS गलत हस्ताक्षर वाले किसी भी आवेदन को रिजेक्ट कर देता है और उसे आवेदक को वापस भेज देता है। USCIS गलत हस्ताक्षर को ठीक करने का मौका नहीं देता है।'

लेकिन दूसरा आवेदन देने की छूट

USCIS भले ही हस्ताक्षर की गलत प्रक्रिया वाले आवेदन खारिज कर दे, लेकिन वह दोबारा आवेदन करने से नहीं रोकता है। उसने अपने बयान में बताया, 'हालांकि, आवेदक सही हस्ताक्षर के साथ आवेदन को दोबारा जमा कर सकता है। अगर जरूरी फीस का भुगतान करने सहित आवेदन की सभी अन्य शर्तें पूरी होती हैं, तो विभाग दोबारा जमा किए गए आवेदन को स्वीकार कर सकता है।'

USCIS के ये निर्देश जान लें

अमेरिकी सरकार की सख्ती को देखते हुए आवेदन करते वक्त गलती की कोई गुंजाइश नहीं रहे, इसके लिए यह जानना जरूरी है कि आखिर आवेदन पर हस्ताक्षर की सही प्रक्रिया क्या है। यूएससीआईएस ने इस बारे में विस्तार से बताया है-

  • स्याही से किए गए हस्ताक्षर।
  • असली हस्ताक्षरों के स्कैन किए गए, फैक्स किए गए या फोटोकॉपी किए गए वर्जन।
  • कुछ इलेक्ट्रॉनिक हस्ताक्षर, लेकिन केवल तब जब USCIS उन्हें ऑनलाइन फाइलिंग के लिए साफ तौर पर मंजूरी दे।

ऐसे हस्ताक्षर मान्य नहीं

विभाग ने स्पष्ट कहा है कि टाइप किए गए नाम, डिजिटल हस्ताक्षर जेनरेटर, हस्ताक्षर स्टैम्प, ऑटो-पेन, या वकीलों या प्रतिनिधियों द्वारा किए गए हस्ताक्षर मान्य नहीं होंगे। हालांकि, नाबालिग या जो हस्ताक्षर नहीं कर सकते वैसे लोगों को इस नियम से छूट दी गई है।

ध्यान रखने वाली बातें

  • फॉर्म जमा करने से पहले हमेशा हाथ से हस्ताक्षर करें।
  • अगर इलेक्ट्रॉनिक रूप से फाइल कर रहे हैं, तो हस्ताक्षरित दस्तावेज को स्कैन या फोटोकॉपी करें।
  • हस्ताक्षर की जहां-जहां जरूरत है, उनमें से कोई भी जगह खाली नहीं रहे, यह पक्का करें।
  • कंप्लायंस रिकॉर्ड के लिए असली हस्ताक्षरित प्रतियां अपने पास रखें।
  • आप कौन सा फॉर्म भर रहे हैं, उससे संबंधित USCIS के निर्देशों का ध्यानपूर्वक पालन करें।
  • हस्ताक्षर बनाने के लिए टाइप किए गए नामों या डिजिटल टूल का इस्तेमाल न करें।
  • जब तक कानूनी रूप से अनुमति न हो, वकीलों या एजेंटों को अपनी ओर से हस्ताक्षर न करने दें।
  • हस्ताक्षर स्टैम्प या ऑटो-पेन पर निर्भर न रहें। सॉफ्टवेयर से बने हस्ताक्षर तब तक जमा न करें जब तक यूएससीआईएस ने उन्हें मंजूरी न दी हो।

स्वीकार्य सिग्नेचर

  • असली हस्ताक्षर
  • हाथ से लिखा 'X' या वैसा ही कोई निशान, अगर लिखने में असमर्थ हों तो उंगलियों के निशान भी
  • छोटा हस्ताक्षर, अगर वही सामान्य हस्ताक्षर हो
  • अगर आवेदनकर्ता 14 साल से कम उम्र का है, तो उसके माता-पिता या कानूनी अभिभावक के हस्ताक्षर
  • आवेदनकर्ता के कानूनी अभिभावक, सरोगेट, या वैध ड्यूरेबल पावर ऑफ अटॉर्नी या वैसे ही कानूनी रूप से बाध्यकारी दस्तावेज वाले व्यक्ति के हस्ताक्षर
  • अगर फार्म के निर्देशों में कुछ और न कहा गया हो तब आवेदन पर असली हस्ताक्षर
  • फोटोकॉपी, स्कैन, फैक्स या उसी तरह से दोबारा बनाया गया आवदेन पर किया हुआ हस्ताक्षर
  • इलेक्ट्रॉनिक सिग्नेचर

तो रिजेक्ट हो जाएंगे आवेदन

  • सिग्नेचर लाइन पर टाइप किया गया नाम
  • आवेदनकर्ता या उनके बच्चे के लिए वकील या प्रतिनिधि का हस्ताक्षर
  • टाइपराइटर, वर्ड प्रोसेसर, स्टैम्प, ऑटो-पेन या वैसे ही किसी डिवाइस से बनाया गया हस्ताक्षर

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमबिजनेस10 जुलाई से H-1B वीजा और ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन शुरू, जानें क्या करें और क्या नहीं
More