Bank Strike Today: आज आपके बैंक में भी हड़ताल तो नहीं, लिस्ट देख लीजिए कौन से बंद हैं और कौन खुले

Bank Strike News: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने पांच-दिवसीय कार्य सप्ताह को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर 27 जनवरी को देशव्यापी हड़ताल पर जाने का फैसला किया है जिससे मंगलवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। 

Naveen Kumar Pandey
अपडेटेड27 Jan 2026, 12:48 PM IST
आज कई बैंक हड़ताल पर
आज कई बैंक हड़ताल पर (ANI)

बैंक कर्मचारी संगठनों ने आज, 27 जनवरी को देशव्यापी हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) बैंकों में हर सप्ताह पांच दिन के कामकाज की मांग कर रहे हैं। यूनियन का कहना है कि उनकी मांग लंबे समय से अनसुनी की जा रही है, इसलिए उनके पास हड़ताल का ही रास्ता बचा है।

क्या मंगलवार बंद रहेंगे बैंक?

बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले नौ संगठनों के संयुक्त निकाय यूएफबीयू की ओर से हड़ताल का यह आह्वान 23 जनवरी को मुख्य श्रम आयुक्त के साथ हुई सुलह बैठक के विफल होने के बाद आया है। चूंकि 25 जनवरी (रविवार) और 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) को बैंक बंद रहे हैं, इसलिए मंगलवार की हड़ताल के कारण लगातार तीन दिनों तक शाखा स्तर की सेवाएं बाधित रहेंगी।

ग्राहकों के खिलाफ नहीं है आंदोलन: बैंक यूनियन

यूएफबीयू के घटक अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ (एआईबीईए) के महासचिव सी एच वेंकटचलम ने बताया, 'सुलह कार्यवाही के दौरान विस्तृत चर्चा के बावजूद हमारी मांग पर कोई आश्वासन नहीं मिला। इसलिए, हम हड़ताल पर जाने को मजबूर हैं।' यूएफबीयू के एक अन्य घटक नेशनल कन्फेडरेशन ऑफ बैंक एम्प्लॉइज (एनसीबीई) के महासचिव एल चंद्रशेखर ने कहा, 'यह आंदोलन ग्राहकों के खिलाफ नहीं, बल्कि एक टिकाऊ और मानवीय बैंकिंग प्रणाली के लिए है। पांच-दिवसीय बैंकिंग कोई विलासिता नहीं, बल्कि आर्थिक और मानवीय आवश्यकता है।'

वहीं, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन (एआईबीओसी) के महासचिव रूपम रॉय ने कहा कि मार्च 2024 में वेतन संशोधन समझौते के दौरान इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) और यूएफबीयू के बीच सभी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने पर सहमति बनी थी। उन्होंने कहा, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार हमारी वाजिब मांग पर प्रतिक्रिया नहीं दे रही है। इससे काम के घंटों का कोई नुकसान नहीं होगा क्योंकि हम सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम करने पर सहमत हुए हैं।'

इन बैंकों में नहीं होंगे काम, देखिए लिस्ट

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) और बैंक ऑफ बड़ौदा सहित सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में नकद जमा, निकासी, चेक निपटान और प्रशासनिक कामकाज प्रभावित होने की आशंका है।

मंगलवार को भी खुले रहेंगे ये बैंक

हालांकि, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक जैसे प्रमुख निजी क्षेत्र के ऋणदाताओं का परिचालन काफी हद तक अप्रभावित रहने की उम्मीद है, क्योंकि उनके कर्मचारी उन यूनियनों का हिस्सा नहीं हैं जो हड़ताल पर जा रही हैं।

अभी बैंकों में हर दूसरे और चौथे सप्ताह दो दिन की छुट्टी

ध्यान रहे कि इस समय बैंक कर्मचारियों को रविवार के अलावा हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी मिलती है। यूएफबीयू ने कहा कि आरबीआई, एलआईसी, जीआईसी, शेयर बाजार और सरकारी कार्यालय पहले ही पांच दिवसीय कार्य सप्ताह का पालन करते हैं, ऐसे में बैंकों में ऐसा न होने का कोई औचित्य नहीं है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़बिजनेसBank Strike Today: आज आपके बैंक में भी हड़ताल तो नहीं, लिस्ट देख लीजिए कौन से बंद हैं और कौन खुले
More
बिजनेस न्यूज़बिजनेसBank Strike Today: आज आपके बैंक में भी हड़ताल तो नहीं, लिस्ट देख लीजिए कौन से बंद हैं और कौन खुले