अगर आप शेयर बाजार में निवेश कर रहे हैं और एक्सपर्ट की सलाह ले रहे हैं तो आपको सावधान रहने की जरूरत है। स्टॉक एक्सचेंज BSE ने निवेशकों को चेतावनी दी है। इसमें BSE ने गैर रजिस्टर्ड सलाहकारों के मोबाइल नंबर जारी किए हैं। BSE ने कहा कि ऐसे लोगों से सावधान रहें। बीएसई ने मंगलवार को तीन मोबाइल नंबर जारी किए हैं। बीएसई ने कहा कि इन नंबरों से व्हाट्सऐप पर लोगों को निवेश और शेयर बाजार में कारोबार के बारे में सलाह तथा खाता संचालन की सेवा देने की पेशकश की जाती है जबकि वे सेबी के पास रजिस्टर्ड नहीं हैं।
BSE ने आदित्य ऋषभ मिश्रा नाम के एक व्यक्ति के बारे में निवेशकों को चेतावनी दी, जो गैर-कानूनी सेवाएं दे रहा है। बीएसई ने निवेशकों को उससे मिलने वाले प्रोडक्ट्स से दूर रहने की सलाह दी है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि आदित्य और ऋषभ मिश्रा कथित तौर पर जरूरी SEBI रजिस्ट्रेशन के बिना इन्वेस्टमेंट और ट्रेडिंग की सलाह और अकाउंट हैंडलिंग सर्विस दे रहे हैं।
BSE ने जारी किए मोबाइल नंबर
BSE ने बताया कि मोबाइल नंबर 9151085650 और 9151085632 आदित्य के हैं। इन नंबरों से सावधन रहे। इसी तरह 9076850045 ऋषभ का मोबाइल नंबर है। इस नंबर से भी सावधान रहें। BSE ने एक बयान में कहा कि ये व्यक्ति/संस्थाएं न तो BSE लिमिटेड के किसी रजिस्टर्ड सदस्य के तौर पर रजिस्टर्ड हैं और न ही ऑथराइज्ड पर्सन के तौर पर। एक्सचेंज अपनी वेबसाइट पर नीचे दिए गए लिंक पर एक्सचेंज इंटरमीडियरी के रजिस्ट्रेशन को वेरिफाई करने की सुविधा देता है। निवेशकों को सलाह दी गई है कि वे अपने अकाउंट में ट्रेडिंग करने/पोर्टफोलियो संभालने के लिए अपनी ट्रेडिंग क्रेडेंशियल जैसे कि यूज़र आईडी/पासवर्ड किसी के साथ शेयर न करें।
निवेशक करें बचाव
बीएसई ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि निवेशक ऐसी किसी भी सलाह पर भरोसा न करें जो व्हाट्सऐप, टेलीग्राम, एसएमएस, कॉल या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए दी जा रही हो। ऐसी सलाह देने वाले लोग न तो बीएसई से जुड़े हैं और न ही उन्हें निवेश की अनुमति है। निवेशकों को ऐसे लोगों के झांसे में आने से बचना चाहिए।
देश के सबसे पुराने स्टॉक एक्सचेंज ने निवेशकों को यह भी चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर ज्यादा या गारंटीड रिटर्न देने के दावे अकसर झूठे होते हैं। यूट्यूब, टेलीग्राम, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम और एक्स (पहले ट्विटर) जैसे प्लेटफॉर्म पर कई लोग ऐसे दावे करते हैं, जिससे निवेशक ठगे जा सकते हैं।
(वार्ता की खबर से इनपुट के साथ)