Budget 2026: अगर आप विदेश से सामान खरीदना चाहते हैं तो आपके लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 में भाषण के दौरान पर्सनल इंपोर्ट पर कस्टम ड्यूटी कम करने का ऐलान किया है। मौजूदा समय में कस्टम ड्यूटी 20 फीसदी लगती है। इसे आधा कर दिया गया है। यानी अब पर्सनल इंपोर्ट पर कस्टम ड्यूटी 10 फीसदी लगेगी। इससे विदेश से सामान मंगाना सस्ता हो जाएगा।
इकोनॉमिक टाइम्स में छपी खबर के मुताबिक, सरकार ने विदेश यात्रा से लौटने वाले भारतीयों के लिए ज्यादा ड्यूटी-फ्री अलाउंस के भी संकेत दिए हैं। इससे बार-बार यात्रा करने वालों और इंटरनेशनल शॉपिंग करने वालों को फायदा हो सकता है। इस मामले में इंडस्ट्री के एग्जीक्यूटिव्स कहना है कि सरकार के इस कदम से इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर फैशन तक, हर उस चीज़ की लैंडेड कॉस्ट कम हो सकती है जिसे कस्टमर प्राइवेट तौर पर इंपोर्ट करते हैं। दरअसल, कुछ सामान ऐसे होते हैं, जो विदेश में पहले लॉन्च हो जाते हैं। भारत में बाद में लॉन्चिंग होती है।
बजट में क्या बदलाव हुआ?
बेसिक कस्टम ड्यूटी को 20% से घटकर 10% कर दिया गया है। यह ड्यूटी वह आधार है जिस पर दूसरे टैक्स कैलकुलेट किए जाते हैं। इसलिए इसे कम करने से कुल देय टैक्स पर असर पड़ता है। इसके अलावा इंटरनेशनल यात्रियों के लिए ड्यूटी फ्री अलाउंस को 50000 से बढ़कर 75000 कर दिया गया है। इसका मतलब है कि कस्टम ड्यूटी सिर्फ 75000 से ज्यादा की कीमत पर लगाई जाएगी।
1 अप्रैल से लागू होगी कटौती
यह कटौती 1 अप्रैल से लागू होगी। जिन सामानों को लाने के लिए लाइसेंस की जरूरत पड़ती है, उन सामानों पर कस्टम ड्यूटी की कटौती का फायदा नहीं मिलता है। इसमें कार, शराब, तंबाकू उत्पाद जैसे सामान शामिल हैं। पर्सनल इस्तेमाल के लिए इंपोर्ट किए जाने वाले सभी सामानों पर कस्टम ड्यूटी की कटौती का फायदा मिलता है।
भारत में पर्सनल इंपोर्ट में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, किचन अप्लायंसेज, गेमिंग एक्सेसरीज, कैमरे, कार एक्सेसरीज, खिलौने, स्नीकर्स, कपड़े, घड़ियां, गॉरमेट फूड, ब्यूटी प्रोडक्ट्स और स्पोर्ट्स के सामान शामिल हैं। ज्यादातर खरीदारी Amazon, eBay, Alibaba Group के AliExpress, Temu और Desertcart जैसे प्लेटफॉर्म के विदेशी वर्जन के ज़रिए होती है। इसके साथ ही ग्लोबल रिटेल चेन और ब्रांड्स के वेबस्टोर्स से भी खरादारी होती है। ये मुख्य रूप से US, UK और चीन से हैं।