केंद्रीय बजट 2026 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आर्थिक विकास को समावेशी बनाने पर खास जोर दिया है। सरकार का फोकस गरीबों, महिलाओं, रेल यात्रियों और छोटे उद्यमियों जैसे अहम वर्गों पर रहा है। बजट के जरिए स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और उद्यमिता को मजबूती देने की कोशिश की गई है, ताकि बदलते वैश्विक हालात और घरेलू चुनौतियों के बीच अर्थव्यवस्था को नई गति दी जा सके। आइए जानते हैं इस बजट में किसको क्या मिला है।
उद्यमी महिलाओं के लिए ‘सीमार्ट’ की स्थापना
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा ऐलान करते हुए सरकार ने देश के 50 पर्सेंट अस्पतालों में आपातकालीन ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। इसका मकसद सड़क हादसों और गंभीर बीमारियों के मामलों में समय पर इलाज सुनिश्चित करना है। वहीं, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उद्यमी महिलाओं के लिए ‘सीमार्ट’ की स्थापना की जाएगी, जिससे महिला उद्यमियों को अपने उत्पाद बेचने और नए बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
10000 करोड़ का MSME ग्रोथ फंड
दूसरी ओर इन्फ्रास्ट्रक्चर और उद्योग को लेकर भी बजट में अहम घोषणाएं हुई हैं। पर्यावरण के अनुकूल यात्री परिवहन को बढ़ावा देने के लिए मुंबई-पुणे, दिल्ली-वाराणसी समेत सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा, छोटे कारोबारियों को मजबूती देने के लिए 10,000 करोड़ रुपये का MSME ग्रोथ फंड बनाया जाएगा, जिससे भविष्य के बड़े उद्यम और रोजगार के नए अवसर तैयार होने की उम्मीद है।