Cab Booking New Rule: अगर आप ओला, उबर (Ola, Uber) या किसी दूसरे कैब एग्रीगेटर से राइड बुक करते हैं तो आपके लिए एक अहम बदलाव सामने आया है। सरकार ने कैब कंपनियों को राइड बुक होने या राइड शुरू होने से पहले यात्रियों से टिप मांगने वाले प्रॉम्प्ट और डिजिटल फीचर हटाने का निर्देश दिया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने साफ किया है कि टिप देना यात्री की पूरी तरह स्वैच्छिक पसंद होनी चाहिए। यात्री को ड्राइवर को टिप देने का विकल्प राइड पूरी होने के बाद ही मिल सकता है।
मंत्रालय का ध्यान कुछ कैब एग्रीगेटर्स के ऐप पर दिखने वाले ऐसे विकल्पों की तरफ गया था, जिनमें राइड पूरी होने से पहले ही टिप देने के लिए कहा जा रहा था। रिपोर्ट के मुताबिक इनमें “Advance Tip”, “Choose an Add-on” और ऐसे संदेश शामिल थे जिनसे यात्री को यह आभास हो सकता था कि टिप देने से राइड जल्दी कन्फर्म होने या ड्राइवर के राइड स्वीकार करने की संभावना बढ़ सकती है। सरकार ने ऐसे इंटरफेस को नियमों के अनुरूप नहीं माना है।
बुकिंग के समय नहीं मांगी जाएगी टिप
रिपोर्ट्स के अनुसार मंत्रालय ने नोटिफिकेशन में बिल्कुल साफ कर दिया है कि राइड उपलब्ध कराने वाली ऐप्स बुकिंग के समय Advance Tip नहीं मांग सकेंगी और ऐप मे ऐसे किसी ऑप्शन को दिखाया भी नहीं जा सकेगा। मोटर वाहन एग्रीगेटर गाइडलाइंस के नियम 14.15 के अनुसार ऐप में टिप देने का ऑप्शन सिर्फ राइड के बाद दिखना चाहिए उससे पहले नहीं। ऐसे में अब राइड से पहले या राइड के दौरान टिप देने से जुड़ा कोई मैसेज या प्रॉम्प्ट दिखाने पर पूरी तरह से रोक होगी।
नए दिशा-निर्देशों के मुख्य प्रावधान
बुकिंग के समय टिप पर रोक
अब ग्राहकों को कैब बुक करते समय, यात्रा शुरू होने से पहले या यात्रा के दौरान स्क्रीन पर टिप देने का कोई विकल्प नहीं दिखाई देगा। टिप का फीचर केवल सफर पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही एक्टिव होगा।
ड्राइवर को मिलेगा पूरा पैसा
नए नियमों के अनुसार, यदि कोई यात्री अपनी इच्छा से कोई टिप देता है, तो उसकी 100% राशि सीधे ड्राइवर के खाते में ट्रांसफर की जाएगी। कैब कंपनियां इस राशि में से किसी भी तरह की कटौती या कमीशन नहीं ले सकेंगी।