
China Car Design Rules: कारों का बाजार दिनों दिन तेजी से बढ़ रहा है। कार बनाने वाली कंपनियां बिक्री बढ़ाने के लिए नए - नए फीचर्स जोड़ रही हैं। वहीं कुछ फीचर्स सरकार के लिए गले की फांस बनते जा रहे हैं। कुछ ऐसा ही चीन का हाल है। ऐसे में चीन अब कारों के डिजाइन को लेकर सख्त नियम बनाने की तैयारी में है। सरकार का मानना है कि कुछ वाहन निर्माता पर्याप्त जांच के बिना नए मॉडल बाजार में उतार रहे हैं, जिससे सुरक्षा और पर्यावरण से जुड़े जोखिम बढ़ सकते हैं। इसी को देखते हुए चीन ने कारों के डिजाइन और टेस्टिंग से जुड़े नियमों को कड़ा करने का प्रस्ताव रखा है।
चीन के उद्योग मंत्रालय (Ministry of Industry and Information Technology - MIIT) ने कहा है कि इन प्रस्तावित नियमों का मकसद बिना पर्याप्त टेस्टिंग के लॉन्च किए गए नए कार मॉडल से जुड़े सुरक्षा और पर्यावरण संबंधी जोखिमों को दूर करना है। नियमों के ड्राफ्ट में यह भी कहा गया है कि कार बनाने वाली कंपनियों को जनवरी से इनोवेटिव डिजाइन और रिसर्च एंड डेवलपमेंट टेस्टिंग से जुड़ी ज्यादा तकनीकी जानकारी देनी होगी।
ड्राफ्ट के अनुसार, 1 जनवरी 2027 से नए मॉडल के लिए मंजूरी वेने वाली कार कंपनियों को इनोवेटिव डिजाइन और टेस्टिंग से जुड़ी ज्यादा टेक्निकल जानकारी देनी होगी। जिन मॉडलों की टेस्टिंग ठीक से नहीं हुई होगी या जो गलत डेटा पर आधारित होंगे, उन्हें रिजेक्ट कर दिया जाएगा। जिन मॉडल्स को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है, उनके निर्माताओं को 1 जुलाई, 2027 तक अपने इनोवेटिव डिजाइनों के बारे में जानकारी देनी होगी। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं और उनमें सुरक्षा से जुड़ी कोई कमी पाई जाती है, तो ऑटोमेकर्स को उनका प्रोडक्शन रोकना होगा और उन्हें वापस मंगाना होगा।
ड्राफ्ट में पूरी तरह छिपे हुए दरवाजों के हैंडल और मुड़ने वाले या लचीले डिस्प्ले पर रोक लगाई गई है। इसमें गाड़ी चलाते समय "जीरो-ग्रेविटी" या घूमने वाली सीटों के इस्तेमाल पर भी पाबंदी लगाई गई है। जीरो-ग्रैविटी सीटें ऐसी डिजाइन की जाती हैं, जिनमें शरीर को आरामदायक स्थिति में रखने पर जोर दिया जाता है।
कारों में लाइट और वाइपर जैसे जरूरी कामों के लिए फिजिकल कंट्रोल की बात कही गई है। कुल मिलाकर कहने का मतलब ये हुआ कि कंपनियां हर जरूरी सुविधा को सिर्फ टचस्क्रीन के भरोसे नहीं छोड़ सकेंगी।
ड्रॉफ्ट में कम से 30 हजार किलोमीटर की रिलायबिलिटी टेस्टिंग के साथ ही ज्यादा सख्त टेस्टिंग का भी प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ ही चीन में हादसों के बाद जांच के लिए निर्माताओं को जरूरी डेटा और तकनीकी मदद भी देनी होगी।
नए नियम लागू होने पर वाहन कंपनियों को डिजाइन तैयार करने, टेस्टिंग और नियामकीय मंजूरी लेने की प्रक्रिया में अधिक सावधानी बरतनी पड़ सकती है। नए फीचर बाजार में उतारने से पहले उनकी सुरक्षा और विश्वसनीयता साबित करना ज्यादा महत्वपूर्ण होगा। इससे नए मॉडल बनाने की लागत और समय पर असर पड़ सकता है। खासकर उन कंपनियों के लिए चुनौती बढ़ सकती है, जो तेजी से नए डिजाइन और तकनीक पेश करके प्रतिस्पर्धियों से आगे निकलने की कोशिश कर रही हैं।
दूसरी ओर, सख्त टेस्टिंग से सुरक्षा संबंधी खामियों को बाजार में वाहन आने से पहले पहचानने में मदद मिल सकती है। इससे ग्राहकों का भरोसा बढ़ाने और बाद में बड़े पैमाने पर रिकॉल की जरूरत घटाने में भी मदद मिल सकती है।
चीन के उद्योग मंत्रालय ने यह ड्रॉफ्ट तीन अन्य सरकारी एजेंसियों के साथ तैयार किया है। प्रस्ताव पर 10 नवंबर 2026 तक सार्वजनिक सुझाव मांगे गए हैं। इसलिए ये नियम अभी अंतिम रूप से लागू नहीं हुए हैं। सार्वजनिक सुझावों के बाद ड्रॉफ्ट में बदलाव हो सकता है। वाहन कंपनियों के लिए आगे की स्थिति इस बात पर निर्भर करेगी कि अंतिम नियम क्या होते हैं और उन्हें किस समयसीमा के साथ लागू किया जाता है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.