
India US Trade Deal: थोड़े दिन के तनाव के बाद भारत और अमेरिका आपसी व्यापार समझौते की प्रक्रिया पटरी पर आते ही इसकी रफ्तार बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। दोनों ही देश एक-दूसरे के लिए लाभकारी इस समझौते को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने पर सहमत हो गए हैं। इसके लिए बातचीत की प्रक्रिया तेज की जाएगी। इसी क्रम में भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल अमेरिका जाने वाले हैं।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और अमेरिका ने पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को तुरंत निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए प्रयासों को तेज करने पर सहमति जताई है।
टैरिफ के मुद्दे की वजह से दोनों देशों के संबंधों में खटास आ गई थी। हालांकि शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर सकारात्मक संकेत दिए जाने के बाद स्थिति में सुधार आया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि प्रस्तावित व्यापार समझौते पर इस सप्ताह भारत और अमेरिका के अधिकारियों के बीच हुई बातचीत सकारात्मक रही।
उधर, सूत्रों ने बताया है कि वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल जल्द ही वॉशिंगटन की यात्रा कर सकते हैं। भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता सही दिशा में आगे बढ़ने के बीच उनकी यह यात्रा होने की उम्मीद है। सूत्रों ने कहा, 'व्यापार वार्ता के लिए वाणिज्य मंत्री का दौरा जल्द ही, शायद अगले कुछ दिनों में होने की संभावना है।'
वाणिज्य मंत्रालय ने कहा था कि 16 सितंबर को द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर दिल्ली आई अमेरिकी टीम के साथ दिनभर की चर्चा सकारात्मक रही और दोनों पक्ष समझौते को शीघ्र और पारस्परिक रूप से लाभकारी रूप से संपन्न करने के लिए प्रयास करने पर सहमत हुए। अमेरिकी अधिकारियों के साथ सात घंटे की बैठक के बाद मंत्रालय ने एक बयान में कहा था, 'पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को जल्द से जल्द अंजाम तक पहुंचाने के प्रयासों को तेज करने का निर्णय लिया गया है।'
ट्रंप प्रशासन की तरफ से अगस्त में भारतीय उत्पादों पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाए जाने के बाद व्यापार समझौते पर बातचीत रुक गई थी। भारत ने इस कदम को अनुचित और असंगत बताया था। दोनों पक्षों के बीच इस समझौते को लेकर अब तक पांच दौर की वार्चा हो चुकी है। बीते मंगलवार को यह बातचीत अमेरिका के सहायक व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच और भारत के मुख्य वार्ताकार राजेश अग्रवाल के बीच नई दिल्ली में हुई थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि लिंच ने वाणिज्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात कर वार्ता को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा, 'इन दौरान व्यापार समझौते से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को शीघ्र निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए प्रयास तेज करने का भी फैसला किया।'
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.