India US Trade Deal: हो गई भारत-अमेरिका की ट्रेड डील, पीएम मोदी से बातचीत के बाद ट्रंप ने की घोषणा

us india trade deal news: अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पूरी होने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि अमेरिका और भारत ने व्यापार समझौते पर सहमति जताई है, जिसके तहत अमेरिका जवाबी शुल्क 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। 

Naveen Kumar Pandey
अपडेटेड3 Feb 2026, 09:27 AM IST
डोनाल्ड ट्रंप और नरेंद्र मोदी।
डोनाल्ड ट्रंप और नरेंद्र मोदी।

india us trade deal news: भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील का ऐलान हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि भारत और अमेरिका आपसी व्यापार समझौते पर सहमत हो गए हैं। प्रधानमंत्री ने इस ऐलान को शानदार बताते हुए राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद कहा है।

trump trade deal india: ट्रंप ने मैगजीन कवर से दिया संकेत

ट्रंप ने भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील का ऐलान करने से पहले प्रधानमंत्री मोदी से बात की थी। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्गियो गोर ने देर रात 9.16 बजे एक एक्स पोस्ट में यह जानकारी दी थी। उधर, ट्रंप ने भी कुछ घंटे पहले ट्रुथ सोशल पर भारतीय न्यूज मैगजीन इंडिया टुडे के एक कवर पेज की तस्वीर पोस्ट की थी जिस पर ट्रंप और मोदी की तस्वीर छपी है और लिखा है- मूवर्स एंड शेकर्स।

View full Image
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया यह मैगजीन कवर

india us trade deal latest news: डोनाल्ड ट्रंप ने किया भारत-अमेरिका ट्रेड डील का ऐलान

डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रेड डील की घोषणा भी ट्रुथ सोशल पर पोस्ट के जरिए ही की। उन्होंने लिखा, ‘आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वे मेरे बहुत अच्छे मित्रों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली तथा सम्मानित नेता हैं। हमारी बातचीत कई विषयों पर हुई, जिनमें व्यापार और रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने का मुद्दा भी शामिल था।’

ट्रंप ने आगे कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर सहमति जताई कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद करेगा और इसके बजाय अमेरिका से, और संभवतः वेनेज़ुएला से भी, अधिक तेल खरीदेगा। इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को समाप्त करने में मदद मिलेगी, जिसमें इस समय हर हफ्ते हजारों लोग मारे जा रहे हैं।’

trump news: अमेरिका में अब भारत पर सिर्फ 18% लगेगा टैरिफ

ट्रंप ने भारत पर टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की। उन्होंने लिखा, ‘प्रधानमंत्री मोदी के साथ मित्रता और सम्मान के कारण, और उनके अनुरोध पर, हमने तुरंत प्रभाव से अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति जताई है। इसके तहत अमेरिका भारत पर लगाए जाने वाले पारस्परिक शुल्क (रेसिप्रोकल टैरिफ) को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। वहीं भारत भी अमेरिका के खिलाफ अपने शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं (नॉन-टैरिफ बैरियर्स) को घटाकर शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।’

प्रधानमंत्री मोदी ने 'बाय अमेरिकन' यानी अमेरिका से सामान खरीदने की प्रतिबद्धता भी कहीं अधिक स्तर पर जताई है। इसके तहत भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर से अधिक मूल्य की ऊर्जा, तकनीक, कृषि उत्पाद, कोयला और कई अन्य वस्तुएं खरीदेगा।

india us trade deal: और भी मजबूत होगा भारत-अमेरिका का रिश्ता: ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत-अमेरिका का रिश्ता आगे और भी मजबूत होगा। उन्होंने लिखा, ‘भारत के साथ हमारा शानदार रिश्ता आगे चलकर और भी मजबूत होगा। प्रधानमंत्री मोदी और मैं ऐसे लोग हैं जो काम करके दिखाते हैं- जो बात अधिकतर लोगों के बारे में नहीं कही जा सकती। इस विषय पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।’

trade deal us india: इस शानदार घोषणा के लिए बहुत-बहुत धन्वयाद: पीएम मोदी

'ट्रंप की इस घोषणा पर प्रधानमंत्री मोदी ने खुशी जताई। उन्होंने इसके लिए ट्रंप को धन्यवाद भी कहा। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा। खुशी है कि अब 'मेड इन इंडिया' प्रोडक्ट्स पर टैरिफ 18% कम हो जाएगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की तरफ से राष्ट्रपति ट्रंप को बहुत-बहुत धन्यवाद।

us trade deal india: नई ऊंचाइयां छूएंगी भारत-अमेरिका के बीच साझेदारियां: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच साझेदारियों को बढ़ाने की दिशा में वो भरपूर सहयोग करने को तत्पर हैं। मोदी ने लिखा, 'जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को फायदा होता है और आपसी फायदे वाले सहयोग के लिए अपार अवसर खुलते हैं। वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व बहुत जरूरी है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूरा समर्थन करता है। मैं अपनी साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।'

us india trade deal: ट्रंप-मोदी के बीच बातचीत की अमेरिकी राजदूत ने दी थी जानकारी

इन सबसे पहले भारत में अमेरिका के राजदूत सर्गियो गोर ने ट्रंप और मोदी के बीच हुई बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने एक्स पोस्ट में बताया, ‘राष्ट्रपति ट्रंप ने अभी-अभी प्रधानमंत्री मोदी से बात की है। आगे की जानकारी के लिए बने रहिए।’ फिर ट्रंप की तरफ से ट्रेड डील की घोषणा के बाद उन्होंने लिखा, 'जैसा कि मैंने कई बार कहा है, राष्ट्रपति ट्रंप सच में प्रधानमंत्री मोदी को एक महान दोस्त मानते हैं। आज शाम ट्रेड डील की खबर से बहुत खुश हूं। संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच संबंधों में असीमित क्षमता है!'

india us trade: दिसंबर में हुई थी मोदी-ट्रंप के बीच आखिरी बातचीत

बहरहाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच आखिरी बातीचत पिछले वर्ष दिसंबर महीने में हुई थी। तब दोनों ने भारत-अमेरिका के आपसी हितों को आगे बढ़ाने की दिशा में चुनौतियों को खत्म करने का संकल्प दोहराया था।

us trade deal: अमेरिका ने भारत पर लगाया था कुल 50% टैरिफ

ध्यान रहे कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले वर्ष अप्रैल में अमेरिका पहुंचने वाले भारतीय सामानों पर 25% रेसिप्रोकल टैरिफ लगा दी थी। फिर अगस्त महीने में ट्रंप प्रशासन ने भारतीय आयात पर यह कहकर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया कि यह रूस से तेल खरीदने के एवज में भारत पर जुर्माना है। इस तरह अमेरिका ने भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया था। हालांकि, भारतीय निर्यात पर इसका खास असर नहीं पड़ा क्योंकि भारत ने अमेरिका जाने वाले अपने ज्यादातर सामानों के लिए वैकल्पिक बाजार ढूंढ लिए।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़बिजनेसIndia US Trade Deal: हो गई भारत-अमेरिका की ट्रेड डील, पीएम मोदी से बातचीत के बाद ट्रंप ने की घोषणा
More
बिजनेस न्यूज़बिजनेसIndia US Trade Deal: हो गई भारत-अमेरिका की ट्रेड डील, पीएम मोदी से बातचीत के बाद ट्रंप ने की घोषणा