FMCG कंपनियों में कर्मचारियों की संख्या में बदलाव, HUL और डाबर ने घटाया स्टाफ, टाटा कस्टमर ने बढ़ाई सबसे ज्यादा सैलरी

वित्त वर्ष 2025-26 में FMCG कंपनियों में कर्मचारियों की संख्या को लेकर अलग-अलग रुझान दिखे। HUL और डाबर ने स्थायी कर्मचारियों की संख्या घटाई, जबकि नेस्ले, मैरिको और टाटा कंज्यूमर ने कार्यबल बढ़ाया।

Manali Rastogi( विद इनपुट्स फ्रॉम Bhasha)
अपडेटेड12 Jul 2026, 12:14 PM IST
FMCG कंपनियां
FMCG कंपनियां(Mint)

नई दिल्ली: देश की प्रमुख एफएमसीजी (FMCG) कंपनियों में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कर्मचारियों की संख्या और वेतन वृद्धि को लेकर अलग-अलग रुझान देखने को मिले हैं।

कंपनियों की सालाना रिपोर्ट बताती है कि जहां हिंदुस्तान यूनिलीवर और डाबर इंडिया ने अपने स्थायी कर्मचारियों की संख्या कम की, वहीं नेस्ले इंडिया, मैरिको और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने अपने कार्यबल का विस्तार किया।

रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान कर्मचारियों के औसत वेतन में 6.08 प्रतिशत से 12.1 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई। सबसे अधिक वेतन वृद्धि टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने की, जबकि सबसे कम बढ़ोतरी एचयूएल में दर्ज की गई।

HUL में 700 से ज्यादा स्थायी कर्मचारी हुए कम

31 मार्च 2026 तक एचयूएल में स्थायी कर्मचारियों की संख्या घटकर 5,898 रह गई। एक साल पहले यह आंकड़ा 6,604 था। यानी कंपनी के 700 से अधिक स्थायी कर्मचारी कम हो गए।

कंपनी ने कर्मचारियों के औसत वेतन में 6.08 प्रतिशत की बढ़ोतरी की, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह बढ़ोतरी 8.39 प्रतिशत थी। वहीं, प्रबंधन स्तर को छोड़कर बाकी कर्मचारियों की औसत सैलरी 6.85 प्रतिशत बढ़ी, जो पिछले साल के मुकाबले अधिक है।

डाबर इंडिया में भी घटी कर्मचारियों की संख्या

डाबर इंडिया के स्थायी कर्मचारियों की संख्या भी कम होकर 5,343 से 4,770 पर पहुंच गई। हालांकि, कंपनी ने कर्मचारियों के औसत वेतन में 7.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी की। पिछले वित्त वर्ष में यह बढ़ोतरी छह प्रतिशत रही थी।

ऑटोमेशन और AI की वजह से बदल रही कंपनियों की रणनीति

विशेषज्ञों का कहना है कि एफएमसीजी कंपनियां अब ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीकों पर तेजी से निवेश कर रही हैं। फैक्ट्री, वेयरहाउस, सप्लाई चेन और बैक-ऑफिस के कई काम अब आधुनिक तकनीक की मदद से किए जा रहे हैं। इससे कंपनियां कम कर्मचारियों के साथ भी बेहतर उत्पादन और तेज वितरण करने में सक्षम हो रही हैं।

नेस्ले इंडिया में कुल कर्मचारियों की संख्या बढ़ी

नेस्ले इंडिया में कुल कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 8,680 हो गई। हालांकि, स्थायी कर्मचारियों की संख्या 8,419 से घटकर 8,382 रह गई। कंपनी ने कर्मचारियों के औसत वेतन में 7.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की।

मैरिको और टाटा कंज्यूमर ने बढ़ाया कार्यबल

मैरिको ने अपने स्थायी कर्मचारियों की संख्या 1,908 से बढ़ाकर 1,983 कर दी। कंपनी में कर्मचारियों की औसत सालाना सैलरी 13.58 लाख रुपये से बढ़कर 14.44 लाख रुपये हो गई, जो 6.33 प्रतिशत की वृद्धि है।

वहीं, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने स्थायी कर्मचारियों की संख्या 4,079 से बढ़ाकर 4,558 कर दी। कंपनी ने कर्मचारियों के औसत वेतन में 12.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी की, जो इस सूची की सभी कंपनियों में सबसे ज्यादा रही। हालांकि, यह पिछले वित्त वर्ष की 16.9 प्रतिशत वृद्धि से कम है।

कंपनियों को यह जानकारी देना है अनिवार्य

कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा 197(12) के तहत सभी सूचीबद्ध कंपनियों के लिए अपनी वार्षिक रिपोर्ट में कर्मचारियों के औसत वेतन, उसमें हुई प्रतिशत बढ़ोतरी और स्थायी कर्मचारियों की संख्या का खुलासा करना अनिवार्य है। इसी वजह से हर साल कंपनियों के कार्यबल और वेतन से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक किए जाते हैं।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमबिजनेसFMCG कंपनियों में कर्मचारियों की संख्या में बदलाव, HUL और डाबर ने घटाया स्टाफ, टाटा कस्टमर ने बढ़ाई सबसे ज्यादा सैलरी
More