Foreign Currency: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील के बाद भारत का विदेशी मुद्रा भंडार यानी फॉरेक्स रिजर्व (Forex Reserve) एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है। प्रधानमंत्री ने लोगों से एक साल तक सोना खरीदने से बचने, विदेश यात्राएं टालने और ईंधन की खपत कम करने की अपील की है। यह अपील ऐसे समय में आई है जब पश्चिम एशिया संकट, महंगे कच्चे तेल और सप्लाई चेन बाधाओं के कारण भारत जैसे आयात-निर्भर देशों पर दबाव बढ़ रहा है।स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ के बंद होने से वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें तेज़ी से बढ़ी हैं और ज़्यादातर $100 प्रति बैरल से ऊपर बनी हुई हैं।
इससे भारत के आयात बिल को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरतों का 80 फीसदी से अधिक आयात करता है और सोने के दुनिया के सबसे बड़े उपभोक्ताओं में से एक बना हुआ है, इसलिए इन दोनों ही वस्तुओं का देश के डॉलर भंडार पर सीधा प्रभाव पड़ता है। शायद यही वजह ैह कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश को हर हाल में विदेशी मुद्रा बचानी होगी। उन्होंने लोगों से गैर-जरूरी डॉलर खर्च कम करने की अपील की है।
जानिए क्या होता है फॉरेक्स रिजर्व
फॉरेक्स रिजर्व (Forex Reserve) यानी विदेशी मुद्रा भंडार वह संपत्ति होती है जिसे किसी देश का केंद्रीय बैंक विदेशी मुद्राओं, गोल्ड, SDR और IMF रिजर्व पोजिशन के रूप में रखता है। भारत में इसका प्रबंधन रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (Reserve Bank of India - RBI) करता है। यह भंडार किसी भी देश की आर्थिक मजबूती का बड़ा संकेत माना जाता है। इसके जरिए देश आयात भुगतान करता है, रुपये को स्थिर रखने में मदद मिलती है और आर्थिक संकट के समय सुरक्षा कवच मिलता है।
भारत के पास कैसे आती है विदेशी मुद्रा?
भारत के पास विदेशी मुद्रा मुख्य रूप से निर्यात, विदेशी निवेश (FDI/FPI) और विदेशी प्रेषण (Remittances) के माध्यम से आती है। भारत जब अन्य देशों को सामान बेचता है, तो भुगतान विदेशी मुद्रा में मिलता है। इसके अलावा विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिक जब अपने परिवारों को पैसे भेजते हैं, तो वह देश के लिए विदेशी मुद्रा का एक बड़ा स्रोत बनता है। RBI इन सभी स्रोतों से प्राप्त विदेशी मुद्रा को देश के विदेशी मुद्रा भंडार के रूप में प्रबंधित करता है।
भारत के पास कितना फॉरेक्स रिजर्व है?
RBI की हाफ-ईयरली रिजर्व मैनेजमेंट रिपोर्ट के मुताबिक मार्च 2026 के अंत तक भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 691.11 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। यह लगभग 11 महीने के आयात बिल को कवर करने के लिए पर्याप्त माना जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार भारत के रिजर्व में गोल्ड की हिस्सेदारी भी बढ़ी है। मार्च 2026 तक देश के कुल Forex Reserve में गोल्ड का हिस्सा बढ़कर 16.7% हो गया, जो सितंबर 2025 में 13.92% था। भारत के पास मार्च 2026 तक कुल 880.52 मीट्रिक टन गोल्ड रिजर्व था, जिसमें से करीब 680.05 मीट्रिक टन सोना देश के भीतर रखा गया है।
1991 के आर्थिक संकट का साया
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार फिलहाल मजबूत स्थिति में है, लेकिन 1991 का भुगतान संतुलन संकट अब भी देश की आर्थिक नीति में एक चेतावनी की तरह देखा जाता है। 1991 में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार इतने कम हो गए थे कि देश के पास केवल कुछ हफ्तों के आयात का भुगतान करने लायक डॉलर बचे थे। उस समय भारत को सोना गिरवी रखना पड़ा था और IMF से आपातकालीन सहायता लेनी पड़ी थी।
जानकारों का कहना है कि मौजूदा स्थिति 1991 जैसी नहीं है, क्योंकि आज भारत के पास लगभग 691 अरब डॉलर का मजबूत Forex Reserve है। हालांकि नीति निर्माता नहीं चाहते कि बढ़ती तेल कीमतें, गोल्ड इंपोर्ट और वैश्विक तनाव लंबे समय तक विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बनाएं। इसी वजह से प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से गैर-जरूरी डॉलर खर्च कम करने, विदेशी यात्राएं टालने और सोना खरीदने से बचने की अपील की है।