Gas Pipelines: सिटी गैस वितरण कंपनी महानगर गैस लिमिटेड ((MGL) ने पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए ग्राहकों के लिए कई प्रोत्साहनों का ऐलान किया है। यह कदम सरकार के उस निर्देश के अनुरूप है, जिसमें परिवहन क्षेत्र के लिए घरेलू पीएनजी और सीएनजी के उपयोग को बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इसके साथ ही कंपनी ने PNG और CNG की बिना किसी रुकावट के सप्लाई सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
बता दें कि सिलेंडर के बजाय घरों तक पाइपलाइन के जरिए गैस पहुंचाने का नेटवर्क तेजी से फैलाया जा रहा है। इस व्यवस्था को पीएनजी यानी पाइप्ड नेचुरल गैस कहा जाता है। MGL की सर्विस मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, चित्रदुर्ग, दावणगेरे, लातूर और धाराशिव सहित कई क्षेत्रों में है।
कंपनी फ्री में देगी गैस
कंपनी ने बताया कि 16 मार्च से 30 अप्रैल के बीच PNG के लिए जितने भी नए घरेलू रजिस्ट्रेशन होंगे, उन सभी ग्राहकों को 500 रुपए की मुफ्त गैस दी जाएगी। इसके अलावा, उन नई इमारतों में रहने वाले ग्राहकों के गैस बिल में 1,000 रुपये की छूट दी जाएगी, जहां PNG कनेक्शन लेने वालों की संख्या 60 प्रतिशत से ज्यादा है। वहीं कंपनी जल्द ही शून्य अग्रिम रजिस्ट्रेशन शुल्क की सुविधा शुरू करेगी।
इसमें कनेक्शन लेने के बाद ही भुगतान करना होगा। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर आशु सिंघल ने कहा कि हम PNG (पाइप से नेचुरल गैस) और CNG (कंप्रेस्ड नेचुरल गैस) की बिना किसी रुकावट के सप्लाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। हम अपने ग्राहकों की लगातार बदलती जरूरतों को पूरा करने के लिए अपने प्रयासों को और बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।
रजिस्ट्रेशन फीस माफ
PNG का इस्तेमाल करने वाले कमर्शियल ग्राहकों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस माफ करने का ऐलान किया गया है। इसके साथ ही, कंपनी ने यह भी बताया कि गैस सप्लाई से जुड़ा ज़रूरी इंफ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी ढांचा) तैयार करने का पूरा खर्च भी कंपनी खुद ही उठाएगी।
LPG के मुकाबले PNG सस्ती
कई शहरों में घरेलू पीएनजी की कीमत करीब 50 से 55 रुपये प्रति एससीएम के आसपास रहती है। एक एससीएम गैस लगभग 0.8 से 0.9 किलोग्राम एलपीजी के बराबर मानी जाती है। इस वजह से कई मामलों में पीएनजी का इस्तेमाल एलपीजी से करीब 20 से 30 प्रतिशत तक सस्ता पड़ सकता है। इसके साथ ही इसमें सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी का इंतजार भी नहीं करना पड़ता है।
कैसे मिलता है PNG का कनेक्शन
सबसे पहले यह जांचना जरूरी होता है कि आपके इलाके में पीएनजी पाइपलाइन का नेटवर्क उपलब्ध है या नहीं। अगर नेटवर्क मौजूद है तो संबंधित गैस कंपनी की वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन अप्लाई किया जा सकता है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, पता प्रमाण, फोटो और बैंक जानकारी जैसे कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करना होता है। इसके बाद कंपनी की टीम घर का सर्वे करती है और मंजूरी मिलने के बाद पाइपलाइन और मीटर लगाया जाता है।