Asia's Richest person: अंबानी को पीछे छोड़ अडानी बने एशिया के सबसे अमीर शख्स, जानें एलन मस्क से अब कितनी है दूरी

Asia's Richest person: गौतम अडानी एक बार फिर मुकेश अंबानी को पीछे छोड़कर एशिया के सबसे अमीर इंसान बन गए हैं। अडानी ग्रुप के शेयरों की कीमतों में उछाल आने से उनकी संपत्ति काफी बढ़ गई है। जानिए अब उनके पास कुल कितनी दौलत है और दुनिया के बाकी अमीरों की लिस्ट में क्या बदलाव हुए हैं।

Priya Shandilya( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
पब्लिश्ड17 Apr 2026, 03:20 PM IST
उद्योगपति गौतम अडानी एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। (फाइल फोटो)
उद्योगपति गौतम अडानी एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। (फाइल फोटो)(PTI)

Asia's Richest person: देश के दो बड़े उद्योगपतियों की संपत्ति को लेकर बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। उद्योगपति गौतम अडानी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ते हुए एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब हासिल कर लिया है।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, अडानी की कुल संपत्ति 92.6 अरब डॉलर आंकी गई है, जबकि अंबानी की संपत्ति 90.8 अरब डॉलर बताई गई है। इस तरह अडानी अब न सिर्फ भारत बल्कि पूरे एशिया में सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। वे फिलहाल दुनिया के सबसे अमीर 500 लोगों की लिस्ट 'ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स' में 19वें स्थान पर हैं।

शेयरों की तेजी से बढ़ी दौलत

अडानी की संपत्ति में यह उछाल उनके ग्रुप के शेयरों में लगातार आई तेजी की वजह से हुआ है। उनका कारोबार बंदरगाह से लेकर ऊर्जा तक फैला हुआ है, और हाल के दिनों में इन सेक्टर्स में निवेशकों की दिलचस्पी काफी बढ़ी है। इसी वजह से उनकी कंपनियों का मार्केट कैप तेजी से बढ़ा और उनकी कुल संपत्ति में भी बड़ा इजाफा हुआ।

किन-किन क्षेत्रों में फैला है साम्राज्य

अडानी देश के सबसे बड़े निजी बंदरगाह नेटवर्क का संचालन करते हैं। इसके अलावा वे नवीकरणीय ऊर्जा, हवाई अड्डा संचालन और कोयला व्यापार जैसे बड़े क्षेत्रों में भी मजबूत पकड़ रखते हैं। उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा उनकी 10 लिस्टेड कंपनियों में हिस्सेदारी से आता है।

मुकेश अंबानी की संपत्ति

रिलायंस इंडस्ट्रीज का बिजनेस भी काफी मजबूत है, लेकिन अडानी ग्रुप के मुकाबले उसकी रफ्तार थोड़ी धीमी रही, जिस वजह से रैंकिंग में यह उलटफेर हुआ। मुकेश अंबानी की संपत्ति में इस बार अपेक्षाकृत धीमी बढ़त देखने को मिली है। उनका मुख्य बिजनेस रिलायंस इंडस्ट्रीज है, जो ऊर्जा, टेलीकॉम और रिटेल जैसे सेक्टर्स में फैला हुआ है। लेकिन इस बार उनकी संपत्ति में उतनी तेजी नहीं आई, जिससे रैंकिंग में बदलाव हो गया।

कौन है दुनिया का सबसे अमीर शख्स?

दुनिया के सबसे अमीर लोगों की बात करें तो टेस्ला के मालिक एलन मस्क अभी भी पहले नंबर पर काबिज हैं। उनकी संपत्ति 656 अरब डॉलर है। उनके बाद गूगल के लैरी पेज (286 अरब डॉलर) और अमेजन के जेफ बेजोस (269 अरब डॉलर) का नंबर आता है। खास बात यह है कि दुनिया के टॉप 50 अमीरों की लिस्ट में सिर्फ दो भारतीय- अडानी और अंबानी ही शामिल हैं।

लगातार बदलती रही रैंकिंग

अगर पिछले कुछ सालों की बात करें, तो अडानी और अंबानी के बीच यह मुकाबला लगातार बदलता रहा है। अंबानी एक दशक से अधिक समय तक भारत के सबसे अमीर व्यक्ति रहे, लेकिन 2022 में अडानी समूह के शेयरों में तेज वृद्धि के कारण वह शीर्ष स्थान पर पहुंच गए। हालांकि, बाद में एक अमेरिकी शोध कंपनी हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अडानी समूह के शेयरों में गिरावट आई और अंबानी फिर से शीर्ष स्थान पर आ गए। अडानी ने 2024 के मध्य में फिर से अंबानी को पीछे छोड़ दिया, जबकि 2025 के मध्य में अंबानी शीर्ष पर लौट आए। लेकिन इस महीने अडानी ने फिर से बढ़त हासिल कर ली है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमबिजनेसAsia's Richest person: अंबानी को पीछे छोड़ अडानी बने एशिया के सबसे अमीर शख्स, जानें एलन मस्क से अब कितनी है दूरी
More