GST Collection November 2025: सरकार ने माल और सेवा कर (GST) के नवंबर महीने के आंकड़ें जारी कर दिए हैं। नवंबर महीने में कुल GST कलेक्शन 1.70 लाख करोड़ रुपये रहा। यह आंकड़ा पिछले साल यानी नवंबर 2024 के मुकाबले सिर्फ 0.7 प्रतिशत ज्यादा है। पिछले साल इसी महीने में यह कलेक्शन 1.82 लाख करोड़ रुपये के ऊंचे स्तर पर था। यानी, भले ही साल-दर-साल (YoY) के हिसाब से 0.7% की मामूली बढ़ोतरी हुई हो, लेकिन नवंबर 2025 का कुल कलेक्शन 1,70,276 करोड़ रुपये पिछले साल के 1.82 लाख करोड़ रुपये के स्तर से काफी कम है। यह कमी कई सवाल खड़े करती है, खासकर जब यह कलेक्शन दिवाली के त्योहार के तुरंत बाद का है। इस दौरान देश में आमतौर पर सबसे ज्यादा खरीदारी होती है।
जीएसटी रिफॉर्म्स से कम हुआ कलेक्शन
जानकारों के अनुसार, GST कलेक्शन में इस धीमी वृद्धि का मुख्य कारण केंद्र सरकार की तरफ से लिया गया बड़ा फैसला है। दरअसल, केंद्रीय जीएसटी परिषद ने 22 सितंबर 2025 से देश में सबसे ज्यादा खपत होने वाली वस्तुओं पर टैक्स की दरों में भारी कटौती की थी। इस दर कटौती का सीधा मकसद यह था कि उपभोक्ताओं को महंगाई से राहत मिले और वे त्योहारों के सीजन में खुलकर खरीदारी कर सकें।
कीमतें घटीं लेकिन नहीं बढ़ा वॉल्यूम
BDO इंडिया में इनडायरेक्ट टैक्स के पार्टनर कार्तिक मणि ने कहा कि यह कलेक्शन डेटा GST दर में कमी के बाद के पहले पूरे महीने का है, इसलिए इसमें गिरावट दिखना अपेक्षित था। आमतौर पर यह उम्मीद की जाती है कि जब टैक्स की दरें घटती हैं, तो कीमतें कम होने से वस्तुओं की बिक्री की मात्रा बढ़ जाती है। खासकर दिवाली जैसे बड़े त्योहार के दौरान तो मांग आसमान छूती है। ऐसी स्थिति में, बढ़ी हुई बिक्री की मात्रा से राजस्व में हुई कमी की भरपाई हो जाती है।
इसके साथ ही कलेक्शन का आंकड़ा मजबूत बना रहता है। लेकिन, इस बार ऐसा नहीं हुआ। मणि के अनुसार, बिक्री का वॉल्यूम बढ़ने के बावजूद, सकल घरेलू GST कलेक्शन में कमी दर्ज की गई है। इसका मतलब है कि जितनी दर कम हुई, उस अनुपात में बिक्री का वॉल्यूम नहीं बढ़ पाया।