GST: देश के कई राज्य प्रदूषण की तगड़ी मार झेल रहे हैं। इधर अशुद्ध पानी की समस्या भी बढ़ती जा रही है। हाल ही में इंदौर में अशुद्ध पानी पीने से 10 लोगों की मौत बताई जा रही है। कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं। ऐसे में प्रदूषण और अशुद्ध पानी से निपटना सरकार के लिए बड़ी चुनौती से कम नहीं है। इस बीच एक बड़ी सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि GST काउंसिल एयर और वॉटर फ्यूरीफायर पर 5 फीसदी जीएसटी कटौती पर विचार कर रही है। मौजूदा समय में इन प्रोडक्ट्स पर 18 फीसदी जीएसटी लगता है। अगर ऐसा हुआ तो एयर और वॉटर फ्यूरीफायर पर जीएसटी 5 फीसदी घटकर 13 फीसदी हो जाएगा।
बिजनेस स्टैंडर्ड में छपी खबर के मुताबिक, जीएसटी काउंसिल अगले 15 दिनों के भीतर एक बैठक कर सकती है, जिसमें इन उपकरणों पर टैक्स को 18 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी करने के प्रस्ताव पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। बता दें कि जीएसटी काउंसिल की बैठक हर तीन महीने में होती है। पिछली बार यह बैठक सितंबर महीने में हुई थी। उस समय इसमें बड़ी कटौती का ऐलान किया गया था।
राज्य के वित्त मंत्रियों की सहमति जरूरी
प्यूरीफायर पर किसी भी कटौती के लिए राज्य के वित्त मंत्रियों के बीच सहमति की भी जरूरत होगी। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि जीएसटी काउंसिल इस प्रस्ताव पर गौर करेगी कि इन प्रोडक्ट्स को लग्जरी या वैकल्पिक चीजों की बजाय जरूरी सामान मानकर GST दर 18 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी कर दिया जाए। दरअसल, मौजूदा समय में एयर और वॉटर प्यूरीफायर को 'डिस्क्रेशनरी' यानी लग्जरी वाली कैटेगरी में रखा गया है, जिसके कारण इन पर 18% जीएसटी लगता है।
यही वजह है कि सरकार अब इन्हें 'जरूरी वस्तु' (एसेंशियल गुड्स) की कैटेगरी में डालने पर विचार कर रही है। यह चर्चा ऐसे समय में हो रही है जब देश के बड़े हिस्से में हवा की गुणवत्ता लगातार खराब होती जा रही है। सुरक्षित पीने का पानी हर जगह आसानी से नहीं मिल पा रहा है।
कितना सस्ता हो जाएगा एयर और वॉटर प्यूरीफायर?
अगर ऐसा होता है तो एयर और वॉटर फ्यूरीफायर की अफोर्डेबिलिटी में इजाफा होगा और इनकी कीमतें 10-15% तक नीचे आ जाएंगी, जिससे बड़ी संख्या में लोग इन उत्पादों को आसानी से खरीद सकेंगे।
अगर किसी एयर प्यूरीफायर की कीमत (टैक्स से पहले) 10,000 रुपये है। इस पर मौजूदा समय में 18% GST लगता है, यानी 1,800 रुपये लगेंगे। टैक्स के बाद एयर प्यूरीफायर की कीमत 11,800 रुपये हो जाती है। अब मान लीजिए GST घटाकर 5% कर दिया जाए तो 10,000 रुपये के एयर प्यूरीफायर पर महज 500 रुपये लगेंगे। यानी टैक्स के बाद एयर प्यूरीफायर की कीमत 10,500 रुपये होगी।