GST Reforms 2025: केंद्र सरकार ने अमेरिका के टैरिफ का जवाब देने की तैयारी कर ली है। इसके लिए वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में बड़े बदलाव का ऐलान किया जा चुका है। ‘जीएसटी 2.0 या नेक्स्ट जेन जीएसटी’ नाम दिया गया है। इस बीच भारत सरकार यात्री वाहनों पर जीएसटी की दरों में कटौती कर सकती है। मौजूदा समय में वाहनों पर 28 फीसदी जीएसटी लगता है। इसे घटाकर 18 फीसदी किया जा सकता है। यानी सीधे 10 फीसदी का फायदा होगा।
इससे मिडिल क्लास फैमिली को बड़ी राहत मिल सकती है। इसका सबसे बड़ा फायदा कार खरीदने वालों को मिलेगा। अगर ऐसा हुआ तो कारों की बिक्री में तेजी उछाल आ सकता है। इससे खपत बढ़ेगी और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। अब सवाल उठता है कि आने वाले समय में अगर GST को 28 फीसदी से 18 फीसदी किया जाता है तो कारों की कीमतें कितनी कम हो सकती हैं?
छोटी कारें होंगी ज्यादा सस्ती
छोटी कारें खरीदने वालों को सबसे ज्यादा फायदा मिलने की संभावना जताई जा रही है। जिन गाड़ियों की लंबाई 4 मीटर से कम है और जिनमें 1200ccतक का पेट्रोल इंजन है, उन पर टैक्स 29% (28% GST + 1% सेस) से घटकर 19% (18% GST + 1% सेस) हो जाएगा। इस 10% की कटौती से कम बजट वाले खरीददारों को बहुत पैसा बचेगा।
उदाहरण के लिए, मारुति सुज़ुकी वैगन आर, जो देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली गाड़ियों में से एक है, करीब 63,000 रुपये सस्ती हो जाएगी। जीएसटी घटने के बाद नई कार की ऑन-रोड कीमत 60,000 रुपये से लेकर 1.3 लाख रुपये तक कम हो सकती है। इसके साथ ही कार लोन की EMI भी कम हो जाएगी।
कार लोन की EMI भी घटेगी
नई कीमतों के असर से कार लोन की ईएमआई भी कम हो जाएगी। उदाहरण के लिए, डिजायर की ईएमआई 15,519 रुपये से घटकर 14,195 रुपये हो सकती है। इसी तरह वैगनआर और बलेनो की ईएमआई 1,000 से 1,200 रुपये तक कम हो जाएगी।