
HCLTech Salary hike 2025: HCLTech के कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। आईटी सर्विस सेक्टर की दिग्गज कंपनी ने तिमाही वेरिएबल पे स्ट्रक्चर को अब स्थायी वेतन में शामिल करने का फैसला किया है। इसके साथ ही कंपनी अक्टूबर 2025 से सैलरी हाइक भी लागू करेगी, जिससे कर्मचारियों की इस महीने की सैलरी बढ़कर आएगी।
कंपनी के चीफ पीपल ऑफिसर राम सुंदरराजन ने बताया कि इस तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा है, इसलिए हमने अक्टूबर से वेतन वृद्धि लागू करने का निर्णय लिया है। प्रक्रिया वही होगी जो पिछले साल अपनाई गई थी। पिछले साल कंपनी ने अक्टूबर से 7% वेतन वृद्धि दी थी, जबकि टॉप परफॉर्मर्स को 12-14% तक बढ़ोतरी मिली थी।
उन्होंने आगे बताया कि वेरिएबल पे को अब फिक्स्ड पे में बदलकर कर्मचारियों की स्थायी सैलरी में जोड़ दिया जाएगा। ये दोनों अहम कदम हमारे कर्मचारियों के प्रयासों को सम्मान देने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए उठाए गए हैं।
कंपनी ने दूसरी तिमाही (Q2) में 5,196 नए फ्रेशर्स को शामिल किया है, जिससे वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही तक कुल 7,180 फ्रेशर्स HCLTech से जुड़ चुके हैं। वहीं, पिछले बारह महीनों के आधार पर स्वैच्छिक इस्तीफा दर 12.6% रही, जो पिछली तिमाही की तुलना में 20 बेसिस पॉइंट कम है।
कंपनी ने 13 अक्टूबर को अपने Q2 नतीजे जारी किए। सितंबर 2025 में समाप्त तिमाही के लिए HCLTech का नेट प्रॉफिट ₹4,235 करोड़ पर स्थिर रहा। वहीं, कंपनी का राजस्व साल-दर-साल 11% बढ़कर ₹31,942 करोड़ तक पहुंच गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹28,862 करोड़ था।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.