
Housing Price Alert: भारत में घर खरीदना आने वाले समय में और महंगा हो सकता है। एक नई रिपोर्ट में कहा गया है कि मजबूत मांग और बढ़ती आय की वजह से अगले कुछ सालों में घरों की कीमतें हर साल 5 से 10 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं।
भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) और रियल एस्टेट सलाहकार कोलियर्स इंडिया ने एक संयुक्त रिपोर्ट जारी की है। इसमें बताया गया है कि बेहतर मांग के चलते घरों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
उद्योग निकाय सीआईआई और रियल एस्टेट सलाहकार कोलियर्स इंडिया ने गुरुवार को आयोजित एक सम्मेलन में 'रियल एस्टेट 2047: बिल्डिंग इंडिया ग्रोथ फ्यूचर कॉरिडोर' शीर्षक वाली एक रिपोर्ट जारी की। रिपोर्ट में कहा गया है कि अभी हर साल 3–4 लाख घर बिकते हैं। लेकिन 2047 तक यह संख्या बढ़कर 10 लाख तक पहुंच सकती है। यह रिपोर्ट सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की उप सचिव हरलीन कौर ने जारी की।
रिपोर्ट के मुताबिक बढ़ती आय, जनसांख्यिकीय बदलाव और नई आवास नीतियों की वजह से बिक्री दोगुनी हो सकती है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि शहरी प्रवास और प्रीमियम घरों की मांग के कारण आने वाले वर्षों में औसत संपत्ति की कीमतें हर साल 5–10% तक बढ़ेंगी।
सीधे शब्दों में कहें तो आने वाले समय में घर खरीदना आसान नहीं होगा। बढ़ती मांग और आय के साथ‑साथ नीतियों का असर भी दिखेगा। अगर आप घर खरीदने की सोच रहे हैं तो आने वाले सालों में कीमतें और ऊपर जा सकती हैं।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.