India Become Fourth Largest Economy: नए साल से पहले भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने कहा है कि सरकार की और से साल के आखिर में की गई आर्थिक समीक्षा के मुताबिक, भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। इस मामले में भारत ने जापान को भी पछाड़ दिया है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि भारत आने वाले 3 साल में जर्मनी को भी पछाड़ देगा।
हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि साल 2026 में आने वाले डेटा पर निर्भर करेगी, जब सालाना ग्रॉस डोमेस्टिक प्रोडक्ट के फाइनल आंकड़े जारी किए जाएंगे। इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) का अनुमान है कि साल 2026 में भारत की GDP 4.51 ट्रिलियन डॉलर हो सकती है, जबकि जापान की 4.46 ट्रिलियन डॉलर यानी भारत का आगे निकलना लगभग तय माना जा रहा है।
भारत की GDP 4.18 ट्रिलियल डॉलर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार की इकोनॉमिक ब्रीफिंग नोट में कहा गया है, "भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और इस गति को बनाए रखने के लिए अच्छी स्थिति में है।" यह नोट सोमवार देर रात जारी किया गया था। सरकार का कहना है कि भारत का कुल सकल घरेलू उत्पाद (GDP) 4.18 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया।
भारत जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। अगले ढाई से तीन सालों में भारत, जर्मनी को पछाड़ने की तैयारी में है। अनुमान है कि साल 2030 तक भारत की GDP 7.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है।
आम भारतीयों की इनकम अभी भी कम
वहीं कुल GDP के मामले में आगे बढ़ने के बावजूद आम भारतीय की आय अभी भी कम है। वर्ल्ड बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2024 में भारत की प्रति व्यक्ति आय सिर्फ 2,694 डॉलर रही, जो जापान से 12 गुना और जर्मनी से करीब 20 गुना कम है। भारत साल 2023 में चीन को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बन गया है। करीब 1.4 अरब की आबादी में से एक चौथाई से ज्यादा लोग 10 से 26 साल की उम्र के लोग हैं। इतनी बड़ी आबादी के लिए स्थाई नौकरियां पैदा करना सरकार के लिए बड़ी चुनौती है।