India Mobile Data Usage 2025: डिजिटल दुनिया में भारत ने बड़ी छलांग लगाई है। भारत में मोबाइल डेटा इस्तेमाल ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। साल 2025 में एक यूजर का औसत मासिक डेटा उपयोग 31GB से ज्यादा हो गया है। यह तेजी 5G के विस्तार और एआई आधारित सेवाओं की बढ़ती मांग के कारण आई है। नोकिया की ताजा रिपोर्ट के अनुसार देश में डेटा की खपत तेजी से बढ़ रही है। आने वाले सालों में यह और बढ़ सकता है। खास बात यह है कि 5G अब कुल डेटा ट्रैफिक का लगभग आधा हिस्सा संभाल रहा है।
नोकिया मोबाइल ब्रॉडबैंड इंडेक्स 2026 की ताजा रिपोर्ट में भारत के डिजिटल इस्तेमाल को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। साल 2025 में देश में प्रति यूजर औसत मासिक डेटा खपत 31GB के पार पहुंच गई है। रिपोर्ट के अनुसार, 5G ट्रैफिक में साल-दर-साल 70 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पूरे भारत में 5G डेटा ट्रैफिक 2025 में 12.9 एक्साबाइट (EB) तक पहुंच गया, जो कुल मोबाइल ब्रॉडबैंड ट्रैफिक का करीब 47 फीसदी हिस्सा है। इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह AI ऐप्लिकेशन और 4K स्ट्रीमिंग है।
देश में 5 G ने मचाई धूम
देश में इंटरनेट की इस भूख को शांत करने में 5G नेटवर्क (5G Data Consumption India) की सबसे बड़ी भूमिका है। सिर्फ मोबाइल ही नहीं, बल्कि केबल के बिना तेज इंटरनेट देने वाली 'फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस' (FWA) तकनीक के मामले में भी भारत विश्व में दूसरे नंबर पर है। कुल 5G डेटा खपत में एफडब्ल्यूए (Fixed Wireless Access FWA India) की हिस्सेदारी 25 फीसदी पार कर चुकी है और इसके यूजर्स की संख्या पिछले साल के मुकाबले दोगुनी हो गई है।
मेट्रो शहरों में 5G का दबदबा सबसे ज्यादा है। यहां कुल मोबाइल डेटा ट्रैफिक का करीब 58 फीसदी हिस्सा 5G से आता है। हालांकि अब यह ग्रोथ केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि A, B और C कैटेगरी के सर्किल्स में भी तेजी से फैल रही है।
डेटा खपत क्यों बढ़ रहा है?
पिछले पांच वर्षों में डेटा खपत में 18 फीसदी की कंपाउंड ग्रोथ दर्ज की गई है। इसका मुख्य कारण AI ऐप्स, 4K वीडियो स्ट्रीमिंग और क्लाउड गेमिंग जैसे हाई डेटा यूज वाले प्लेटफॉर्म हैं। 2025 में कुल डेटा ट्रैफिक 27 एक्साबाइट प्रति माह के पार पहुंच गया। सस्ते 5G स्मार्टफोन्स और बेहतर नेटवर्क कवरेज ने इसमें अहम भूमिका निभाई है। भारत में कुल डेटा उपयोग वर्ष 2025 में 27 एक्साबाइट प्रति माह को पार कर गया है। एक एक्साबाइट का मतलब एक अरब GB से थोड़ा अधिक होता है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा 5जी उपभोक्ता आधार वाला देश बन गया है।