इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (इंडियनऑयल) ने देश की दिग्गज यात्री वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुज़ुकी इंडिया लिमिटेड (MSIL) के साथ एक करार किया है। इस सहयोग का मकसद ग्राहकों को बेहतर सुविधा मुहैया करना और इंडियनऑयल के पेट्रोल पंपों पर वैल्यू-एडेड सेवाओं का विस्तार करना है। कहने का मतलब ये हुआ कि अब मारुति कार की सर्विसिंग इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर भी मिलेगी। यानी जहां तेल भरवाएंगे वहीं बगल में गाड़ी की सर्विसिंग भी करा सकेंगे।
बिजनेस स्टैंडर्ड में छपी खबर के मुताबिक, इस पार्टनरशिप के तहत ग्राहकों को रुटीन मैंटेनेंस, छोटी-मोटी मरम्मत और बड़ी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। यह नया कदम मारुति सुजुकी के पहले से मजबूत आफ्टर-सेल्स नेटवर्क को और बेहतर बनाएगा। फिलहाल कंपनी के पास देशभर में 2,882 शहरों में 5,780 से ज्यादा सर्विस टचप्वाइंट्स हैं। पेट्रोल पंपों पर सर्विस शुरू होने से यह नेटवर्क और भी ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचेगा।
दोनों कंपनियों को होगा फायदा
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (सर्विस) राम सुरेश अकेला ने इस साझेदारी पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य ग्राहकों के लिए कार सर्विसिंग को जितना हो सके, उतना आसान और सुविधाजनक बनाना है। IOCL के साथ साझेदारी करके हम उनकी व्यापक पहुंच का लाभ उठाएंगे। इससे हम अपनी आफ्टर-सेल्स सर्विस को उन जगहों तक ले जा पाएंगे, जहां हमारे ग्राहक अक्सर आते-जाते हैं। बता दें कि मारुति सुजूकी भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी है, जिसकी देश की वार्षिक घरेलू यात्री वाहन बिक्री में लगभग 39 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
वहीं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के डायरेक्टर (मार्केटिंग) सौमित्र पी. श्रीवास्तव ने कहा कि इंडियन ऑयल अपने फ्यूल स्टेशनों पर वैल्यू ऐडेड सर्विसेज के जरिए ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पूरे भारत में 41,000 से ज्यादा फ्यूल स्टेशनों के अपने नेटवर्क के साथ हम उपभोक्ताओं के करीब जरूरी सेवाएं लाने के लिए काफी अच्छी स्थिति में हैं। यह पार्टनरशिप ग्राहकों के लिए तो सुविधाजनक है ही, साथ ही दोनों कंपनियों के लिए भी फायदेमंद है।