India-US Trade Agreement: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने भारत-अमेरिका के बीच व्यापार और शुल्क पर हुई सहमति को ऐतिहासिक बताते हुए उसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तथा दोनों देश की जनता को बधाई दी है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने ट्रंप की ओर से आए फोन पर बातचीत की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दी थी। उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत के माल पर शुल्क घटकर 18 प्रतिशत करने को तैयार हो गया है।
पीयूष गोयल ने एक पर कहा कि ये समझौता साझा समृद्धि के लिए मिलकर काम करने वाले दो समान विचारधारा वाले, निष्पक्ष व्यापार करने वाले लोकतंत्रों की शक्ति को दर्शाता है। वाणिज्य मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी और ट्रम्प के दूरदर्शी, निर्णायक नेतृत्व और भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने की उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता के लिए हम आभारी हैं।
भारत-अमेरिका साझेदारी का उज्ज्वल भविष्य
पीयूष गोयल ने कहा कि ये समझौता दो बड़े लोकतंत्रों की अपने लोगों की साझा समृद्धि के लिए मिलकर काम करने की शक्ति को उजागर करता है। भारत और अमेरिका स्वाभाविक सहयोगी हैं और हमारी साझेदारी प्रौद्योगिकी का सह-निर्माण करेगी, समाधानों का सह-विकास करेगी और भारत और अमेरिका के लिए शांति, विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर काम करेगी।
व्यापारियों के लिए नए अवसर
वाणिज्य मंत्री की राय में यह समझौता भारत के किसानों, लघु एवं मध्यम उद्यमों, उद्यमियों और कुशल कामगारों के लिए अभूतपूर्व अवसर खोलता है ताकि वे 'दुनिया के लिए भारत में निर्माण', 'दुनिया के लिए भारत में डिजाइन' और 'दुनिया के लिए भारत में नवाचार' कर सकें। इससे भारत को अमेरिका से प्रौद्योगिकी प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
'यूएस–इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम' (यूएसआईएसपीएफ) ने भारत-अमेरिका के बीच आर्थिक साझेदारी को प्रगाढ़ बनाने और द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में आगे बढ़ने संबंधी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बातचीत के बाद यह घोषणा की। उन्होंने 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में बताया कि भारत और अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौता हुआ है, जिसके तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर लगने वाले जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा।