
India-US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच जल्द ही ट्रेड डील होने के संकेत मिलने लगे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वह जल्द ही भारत के साथ एक ट्रेड डील करेंगे। डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को अच्छा इंसान कहा है। ट्रंप ने कहा कि वो पीएम मोदी का बहुत सम्मान करते हैं। ट्रंप ने दक्षिण कोरिया के ग्योंगजू में APEC CEOs शिखर सम्मेलन में ये बातें कही हैं। इस बयान के बाद साफ जाहिर हो रहा है कि दोनों देश एक नए व्यापार समझौते की रूपरेखा पर मुहर लगाने के करीब पहुंच रहे हैं।
अपने भाषण में ट्रंप ने पाकिस्तान के साथ संघर्ष पर पीएम मोदी के साथ अपनी बातचीत का जिक्र किया। ट्रंप ने पीएम मोदी की सराहना करते हुए कहा कि वो बहुत अच्छे इंसान हैं। ट्रंप ने भारत के साथ आर्थिक संबंधों को मज़बूत करने के अपने इरादे को दोहराते हुए कहा कि मैं भारत के साथ एक ट्रेड डील करने जा रहा हूं। ट्रंप ने पीएम मोदी के नेतृत्व और भारत के बढ़ते वैश्विक दबदबे की सराहना की है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी सरकार के काम की तारीफ करते हुए कहा कि हमने बहुत सारी लड़ाइयां रोकी हैं। अपने देश को मजबूत बनाया है। ट्रंप ने ये भी कहा कि पूरी दुनिया में, हम एक के बाद एक ट्रेड डील साइन कर रहे हैं। बता दें कि हाल के दिनों में लगातार ऐसी खबरें आई हैं कि भारतीय निर्यात पर अमेरिकी टैरिफ कम करने पर के लिए एग्रीमेंट पर बातचीत लगभग आखिरी दौर में है।
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि समझौते के तहत टैरिफ को 50 फीसदी से घटाकर 15 फीसदी किया जा सकता है। वहीं इस मामले की जानकारी रखने वाले एक शख्स ने कहा कि डील की डिटेल्स अभी भी फाइनल की जा रही हैं।
अगर यह प्रस्तावित समझौता हो जाता है, तो इससे वाशिंगटन और नई दिल्ली के बीच कारोबारी संबंध फिर से बेहतर हो सकते हैं। ये संबंध ट्रंप के पहले के फैसले के बाद खराब हो गए थे, जब उन्होंने भारतीय सामानों पर भारी टैरिफ लगा दिए थे। टैरिफ की वजह से दोनों देशों के रिश्तों में खटास आ गई थी।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.