Commercial LPG Supply: देशभर में कमर्शियल गैस सिलेंडर (नीले वाले) को लेकर एक बड़ा संकट खड़ा हो गया है। ईरान और इजराइल के बीच चल रहे संघर्ष के कारण तेल और गैस से जुड़ी आपूर्ति श्रृंखला पर दबाव बढ़ गया है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए काफी हद तक मिडिल ईस्ट के देशों पर निर्भर है, इसलिए क्षेत्र में जारी हालात को लेकर चिंता भी बढ़ गई है। इसबीच ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (Oil Marketing Companies - OMCs) ने साफ निर्देश दिए हैं कि फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडर सिर्फ अस्पतालों और स्कूल-कॉलेजों को ही दिए जाएंगे। होटल, ढाबों और रेस्तरां के लिए सप्लाई पूरी तरह रोक दी जाए।
दिल्ली-NCR में करीब पांच लाख से अधिक कमर्शियल LPG कनेक्शन हैं, जिनमें से तीन लाख से ज्यादा सिर्फ दिल्ली में हैं। एलपीजी गैस डीलर एसोसिएशन का कहना है कि सोमवार से कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई में कमी देखी जा रही है।
तेल कंपनियों ने दिए निर्देश
मनीकंट्रोल में छपी खबर के मुताबिक, LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स को भेजे गए एक इंटरनल कम्युनिकेशन में कहा गया है कि नॉन-डोमेस्टिक सिलेंडर (कमर्शियल) सिर्फ़ हॉस्पिटल और एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन को ही बेचना है। होटल/रेस्टोरेंट/दूसरे कमर्शियल जगहों के लिए नॉन-डोमेस्टिक बिक्री नहीं होगी।
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड शामिल हैं। वहीं घरेलू LPG सिलेंडर की बुकिंग के बीच का अंतर भी बढ़ा दिया गया है। पहले जहां एक सिलेंडर बुक करने के बाद दूसरा सिलेंडर 21 दिन में बुक किया जा सकता था, अब यह अवधि बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। कंपनियों का कहना है कि वे बचा हुआ स्टॉक घर के रसोई सिलेंडरों के लिए सुरक्षित रख रही हैं।
क्यों आई यह नौबत ?
युद्ध का असर
ग्लोबल मार्केट में युद्ध की स्थिति बिगड़ने से बाहर से आने वाली गैस (इंपोर्ट) रुक गई है।
स्टॉक की कमी
चेन्नई और मंगलुरु जैसे बंदरगाहों पर गैस की नई खेप नहीं पहुंची है, जिससे बॉटलिंग प्लांट्स (जहाँ सिलेंडर भरे जाते हैं) में काम रुक गया है।
होटल मालिकों की बढ़ी टेंशन
सप्लाई रुकने से सबसे ज्यादा बुरा हाल बेंगलुरु जैसे शहरों में है। वहां के होटल एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर गैस नहीं मिली, तो 10 मार्च से होटल बंद करने पड़ सकते हैं।
सिलेंडर की लोडिंग-बिलिंग लगी रोक
कमर्शियल सिलेंडरों की लोडिंग और बिलिंग पर भी रोक दी गई है। जब तक LPG की नई खेप आने की पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक सप्लाई शुरू नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल बॉटलिंग प्लांट्स में मौजूद LPG स्टॉक घरेलू सिलेंडरों की भराई के लिए सुरक्षित रखा जा रहा है। कमर्शियल सिलेंडर केवल आपात सेवाओं जैसे अस्पतालों के लिए सीमित रूप से उपलब्ध कराए जाएंगे।