
Jio Payments Bank: जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड की सहायक कंपनी, जियो पेमेंट्स बैंक लिमिटेड ने 'सेविंग्स प्रो' अकाउंट लॉन्च करने का ऐलान किया है। इससे ग्राहक अपने अकाउंट में पड़े अतिरिक्त बचत या सरप्लस फंड को ‘ओवरनाइट म्यूचुअल फंड्स’ के ‘ग्रोथ’ प्लान में ऑटो-इन्वेस्ट कर ज्यादा ब्याज कमा सकते हैं। यह सुविधा सीधे जियोफाइनेंस ऐप से मिलेगी। यह एक नई सुविधा है, जिससे ग्राहक अपने जियो पेमेंट्स बैंक अकाउंट में पड़े अतिरिक्त पैसों से भी कमाई कर सकते हैं। यह पैसा अपने-आप ‘ओवरनाइट म्यूचुअल फंड्स’ के ‘ग्रोथ’ प्लान में निवेश हो जाएगा और ग्राहकों को ज्यादा रिटर्न मिलेगा।
इस स्कीम में खाते में बचा अतिरिक्त पैसा अपने-आप ‘ओवरनाइट म्यूचुअल फंड्स’ के ‘ग्रोथ प्लान’ में निवेश हो जाएगा। इन फंड्स को कम जोखिम वाला माना जाता है और इससे ग्राहकों को सामान्य सेविंग्स अकाउंट की तुलना में ज्यादा ब्याज मिलेगा। अकाउंट होल्डर्स को 6.5 फीसदी तक ब्याज मिल सकता है।
ग्राहक सिर्फ कुछ क्लिक में अपने अकाउंट को ‘सेविंग्स प्रो’ में अपग्रेड कर सकते हैं। इकोनॉमिक टाइम्स में छपी खबर के मुताबिक, शुरुआत में ग्राहक न्यूनतम 5,000 रुपये की लिमिट तय कर पाएंगे। इस लिमिट से ऊपर जो भी रकम खाते में पड़ी होगी, वह अपने-आप निवेश हो जाएगी। इस सुविधा के तहत ग्राहक रोजाना 1,50,000 रुपये तक निवेश कर सकते हैं। जब आप पैसे निकालना चाहेंगे, तो यह भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के नियमों के अनुसार होगा। ग्राहकों को यह सुविधा मिलती है कि वे अपने निवेश का 90 फीसदी हिस्सा तुरंत निकाल सकते हैं, जिसकी अधिकतम सीमा 50,000 रुपये है। अगर आप इससे ज्यादा पैसा निकालना चाहते हैं, तो वह 1 से 2 कामकाजी दिनों में मिल जाएगा।
जिनके पास अभी जियो पेमेंट्स बैंक का सेविंग्स या सैलरी अकाउंट नहीं है। उन्हें पहले सेविंग्स अकाउंट खोलना होगा और फिर उसे अपग्रेड कर Savings Pro बनाया जा सकता है।
जिनके पास पहले से JPB का सेविंग्स/सैलरी अकाउंट है, वे सीधे Savings Pro में अपग्रेड कर सकते हैं। JPB वॉलेट और आधार A-OTP अकाउंट वाले पहले सेविंग्स अकाउंट में अपग्रेड कर Savings Pro का फायदा ले सकते हैं।
यह पूरी प्रक्रिया जियो फाइनेंस ऐप के जरिए बहुत ही आसान और पूरी तरह से डिजिटल है। इसमें कोई एंट्री या एग्जिट फीस, कोई छिपा हुआ चार्ज या लॉक-इन पीरियड नहीं है। ग्राहक अपने रिटर्न को बढ़ा सकते हैं और अपने पैसों पर पूरा कंट्रोल रख सकते हैं। ग्राहक उन म्यूचुअल फंड्स को देख सकते हैं, जिनमें वे निवेश कर सकते हैं, अपनी लिमिट तय या बदल सकते हैं, और अपने निवेश पर मिल रहे रिटर्न को पूरी पारदर्शिता के साथ ट्रैक कर सकते हैं।
हां, जो पैसा Overnight Fund में निवेश नहीं होगा, उस पर सामान्य सेविंग्स अकाउंट की तरह ब्याज मिलता रहेगा।
Savings Pro बंद करने के लिए ग्राहक को पहले अपना निवेश निकालना होगा। इसके बाद Jio Payments Bank की सामान्य प्रक्रिया से अकाउंट बंद किया जा सकता है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.