Kawasaki Z300: प्रीमियम बाइक बाजार में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कंपनियां एड़ी - चोटी का जोर लगा रही हैं। इसके लिए कंपनियां अब सिर्फ ज्यादा पावर पर नहीं, बल्कि डिजाइन, तकनीक और राइडिंग अनुभव पर भी फोकस बढ़ा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए कावासाकी ने अपनी नई Z300 स्ट्रीटफाइटर बाइक भारत में पेश की है। यह बाइक कंपनी की Z सीरीज में शुरुआती मॉडल के तौर पर आएगी।
इसका डिजाइन बड़ी Z900 से प्रेरित है, जबकि इंजन और प्लेटफॉर्म के मामले में इसे निंजा 300 से जुड़ा बताया जा रहा है। अब ग्राहकों की नजर इसकी कीमत पर टिकी हुई है। इसका ऐलान 20 अक्टूबर को होने की उम्मीद है।
कब शुरू होगी कावासाकी Z300 की बुकिंग?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाइक की बुकिंग 19 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। कंपनी 20 अक्टूबर को इसकी कीमत, वेरिएंट और पूरी तकनीकी जानकारी घोषित करेगी। इसके अलावा, बाइक को 18 अक्टूबर को मुंबई और पुणे में भी प्रदर्शित किए जाने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल कंपनी ने इसकी कीमत का अभी अधिकारिक ऐलान नहीं किया है।
निंजा 300 जैसा इंजन, 6-स्पीड गियरबॉक्स
कावासाकी Z300 में निंजा 300 वाला 296 सीसी, लिक्विड-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन इंजन मिलने की उम्मीद है। निंजा 300 में यह इंजन करीब 39 एचपी पावर और 26.1 एनएम टॉर्क देता है। इसके साथ छह-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है।
हालांकि, कावासाकी ने भारत में Z300 के सभी तकनीकी आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की है। इसलिए इन आंकड़ों को संभावित स्पेसिफिकेशन के रूप में ही देखा जाना चाहिए। ट्विन-सिलेंडर इंजन इस बाइक को उन ग्राहकों के लिए आकर्षक बना सकता है, जो रोजमर्रा की राइडिंग के साथ लंबी दूरी पर भी बेहतर राइडिंग अनुभव चाहते हैं।
Z900 जैसा डिजाइन, मिलेगा TFT डिस्प्ले
डिजाइन के मामले में कावासाकी Z300 में कंपनी की बड़ी Z900 बाइक की झलक दिखाई देती है। यह फुल-फेयर्ड स्पोर्ट्स बाइक की जगह स्ट्रीट-नेकेड डिजाइन में आती है। इसमें राइडर को बैठने की कई तरह की सुविधाएं दी गईं हैं। फीचर्स की बात करें तो बाइक में TFT इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले और स्मार्टफोन कनेक्टिविटी मिलने की जानकारी सामने आई है। इसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन जैसे फीचर भी मिल सकते हैं।
कितनी होगी कीमत?
कावासाकी ने Z300 की कीमत अभी घोषित नहीं की है। इसकी कीमत 20 अक्टूबर को सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल कंपनी की निंजा 300 की एक्स-शोरूम कीमत करीब ₹3.34 लाख है। बाजार में चर्चा है कि अगर कावासाकी Z300 को ₹3 लाख से कम कीमत पर उतारती है, तो यह ज्यादा ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है। हालांकि, यह केवल संभावित कीमत का अनुमान है, आधिकारिक जानकारी नहीं है।