LPG Booking Rules: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच सरकार ने घरेलू गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए कमर कस ली है। भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने ग्राहकों के लिए बुकिंग के कुछ सख्त नियम लागू किए हैं, ताकि हर घर तक ईंधन बिना किसी रुकावट के पहुंच सके। अब आप महीने में मनमाने सिलेंडर नहीं मंगवा सकेंगे। नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, एक ग्राहक एक महीने में अधिकतम दो ही सिलेंडर बुक कर सकता है। अगर कोई इससे ज्यादा की कोशिश करता है, तो बुकिंग सिस्टम उसे ऑटोमैटिक ब्लॉक कर देगा या आपसे कड़ी पूछताछ की जा सकती है।
सरकार हर वित्त वर्ष (जो 1 अप्रैल से 31 मार्च तक चलता है) में 12 सब्सिडी वाले सिलेंडर देती है। इस कोटे के अलावा भी अगर जरूरत पड़ती है तो ग्राहक तीन और बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर खरीद सकता है। यानी साल में एक कनेक्शन पर अधिकतम 15 सिलेंडर बुक किए जा सकते हैं।
बुकिंग के बीच अब ज्यादा इंतजार
नए नियमों को तत्काल लागू कर दिया गया है। पहले जहां एक सिलेंडर के बाद दूसरा सिलेंडर 21 दिन में बुक किया जा सकता था, अब यह समय बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। इसका मतलब है कि आपको अगला सिलेंडर बुक करने के लिए थोड़ा ज्यादा इंतजार करना होगा। साथ ही अब एलपीजी सिलेंडर बुक करने के लिए KYC अपडेट होना अनिवार्य है। अगर आपका KYC पूरा नहीं है, तो बुकिंग में दिक्कत आ सकती है या आपकी रिक्वेस्ट रिजेक्ट भी हो सकती है।
BPCL का नया प्रोसेस
भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने अतिरिक्त सिलेंडर बुकिंग के लिए नई व्यवस्था शुरू की है। अगर आप अपने सालाना 12 सिलेंडर का कोटा पूरा कर चुके हैं और इसके बाद भी सिलेंडर बुक करना चाहते हैं, तो आपको कुछ जरूरी जानकारी देनी होगी। इसके लिए आपको 'Hello BPCL' ऐप का इस्तेमाल करना होगा। इस ऐप पर आपसे कुछ सवाल पूछे जाएंगे, जैसे-
- आपके घर में कितने सदस्य हैं?
- क्या घर में कोई फंक्शन, शादी या कार्यक्रम है?
- मेहमानों की संख्या कितनी है?
इन सवालों के जवाब के आधार पर ही तय किया जाएगा कि आपको अतिरिक्त सिलेंडर मिल सकता है या नहीं।