LPG Price Hike: LPG Price Hike: महीने की पहली तारीख को एलपीजी की कीमतों में बदलाव सामने आया है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कई बड़े शहरों में 19-किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी की है। कीमतों में यह बदलाव महीने की शुरुआत में हुआ है, जिससे कमर्शियल LPG पर निर्भर व्यवसायों की लागत बढ़ गई है।
वहीं घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो सिलेंडर की कीमत फिलहाल स्थिर रखी गई है। कमर्शियल गैस की कीमत बढ़ने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, मिठाई की दुकानों और दूसरे ऐसे कारोबार पर पड़ेगा जहां खाना बनाने के लिए बड़ी मात्रा में एलपीजी इस्तेमाल होती है।
5 किलो सिलेंडर के दाम स्थिर
IOCL के मुताबिक, 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 9.50 रुपये तक बढ़ गए हैं। हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात है कि 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें नहीं बढ़ाई गई हैं। 5 किलो और 10 किलो वाले गैस सिलेंडर की कीमतें भी नहीं बढ़ाई गई हैं।
5 किलो वाला सामान्य छोटू LPG गैस सिलेंडर अभी भी 349.50 रुपये का मिल रहा है, जबकि XTRALITE की कीमतें भी 339 रुपये पर स्थिर है। हालांकि 5 किलो वाले नॉन-डॉमेस्टिक सिलेंडर की बात करें तो इसका दाम 762 रुपये से बढ़ कर 764 रुपये हो गए हैं।
अगस्त में मिली थी राहत
अगस्त 2026 में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में ₹200 से ज्यादा की कटौती की गई थी। इससे कमर्शियल गैस इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों को बड़ी राहत मिली थी। इसलिए सितंबर की ₹9.50 की बढ़ोतरी को पिछले महीने की बड़ी कटौती के बाद हुई छोटी बढ़ोतरी के तौर पर भी देखा जा सकता है।
जानिए घरेलू गैस सिलेंडर के दाम
14.2 kg के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसकी कीमत में आखिरी बार बदलाव 7 जून 2026 को हुआ था। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, बिना सब्सिडी वाले 14.2 kg के घरेलू इंडेन LPG सिलेंडर की कीमत मजूदा समय में दिल्ली में 942 रुपये है। मुंबई में कीमत 941 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये है।
इस साल दिल्ली में 1000 रुपये महंगा हुआ सिलेंडर
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 1000 रुपये से ज्यादा बढ़ चुके हैं। दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 1 जनवरी 2026 को ₹1,691.50 थे। वहीं अब 1 सितंबर 2026 को इसके दाम बढ़कर ₹2,747.50 हो गए। कुल मिलाकर इसके दाम बढ़कर ₹1,056 हो गई है। यानी इसमें करीब 62.4 फीसदी की बढ़ोतरी हो चुकी है।