Devendra Fadnavis Nagpur: इन दिनों देश भर में पेट्रोल-डीजल और LPG को लेकर चर्चा चल रही है। इधर केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल में एक्साइज ड्यूटी की कटौती करके आम आमदी को बड़ी राहत दी है। इसबीच महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पेट्रोल-डीजल को लेकर बड़ा बयान दिया है। सीएम फडणवीस ने कहा कि हमारे यहां पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। सीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पेट्रोल पंपों पर बेवजह लंबी कतारें न लगाएं।
सीएम फडणवीस ने कहा कि पेट्रोल-डीजल उतना ही लें, जितना जरूरत हो। जरूरत से अधिक खरीदी न करें। इससे डिमांड और सप्लाई की व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने जमाखोरी कर कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। सीएम फडणवीस महाराष्ट्र के नागपुर में राम नवमी की शोभा यात्रा में शामिल होने आए थे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और नागपुर के पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, पूर्व सांसद अजय संचेती भी मौजूद रहे।
महाराष्ट्र में कितने दिनों का पेट्रोल-डीजल का स्टॉक?
पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फणवीस ने कहा कि मैं विशेष रूप से आम लोगों से ये अपील करता हूं कि वे पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें न लगाएं क्योंकि हमारे पास अगले एक महीने के लिए पर्याप्त पेट्रोल और डीजल मौजूद है। इस प्रकार से वो कतारें लगाकर इस अंदेशे में कि शायद इसकी कमी होगी वो पेट्रोल-डीजल भरेंगे तो सप्लाई और डिमांड के साइकल पर उसका दबाव बढ़ेगा, एक आर्टिफिशियल कमी उसके कारण तैयार होगी इसलिए ऐसा न करें।
'किसी भी तरह का लॉकडाउन नहीं लगेगा'
गैस सप्लाई को लेकर भी उन्होंने स्थिति सामान्य बताते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति गैस के नाम पर अतिरिक्त पैसे मांगता है, तो उसकी शिकायत की जाए। लॉकडाउन की अफवाहों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि राज्य में किसी भी तरह का लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग सोशल मीडिया पर झूठी या भ्रामक जानकारी फैलाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खाद के लिए भी पैनिक हो रहे लोग
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि रासायनिक खाद डीएपी के लिए भी किसान पैनिक हो रहे हैं। राज्य में स्थिति की समीक्षा से यह बात सामने आई है कि 3 दिनों में डीएपी की 70 फीसदी खरीदी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि देश सहित राज्य में मांग के अनुसार खाद का भरपूर स्टाक है। ऐसे में पैनिक होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर खाद विक्रेता जमाखोरी कर कालाबाजारी करेंगे तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पीएम मोदी की डिप्लोमेसी काबिले तारीफ- देवेंद्र फडणवीस
उन्होंने आगे कहा, ''हमलोग देख रहे हैं कि जहां हमारे आसपास के पड़ोसी देशों में पेट्रोल-डीजल और गैस संकट के कारण करीब करीब शटडाउन की परिस्थिति आई है, दफ्तर बंद हैं। कई जगह पर संस्थान बंद हो रहे हैं। ऐसे समय में पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने संकट की स्थिति में बेहतर तरीके से मैनेजमेंट किया है। हमारे यहां पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं है। घरेलू गैस भी दिए जा रहे हैं। कमर्शियल गैस सिलेंडर में कुछ कटौती की गई है लेकिन उसको भी बढ़या जा रहा है। जिस प्रकार की डिप्लोमेसी हमारे प्रधानमंत्री ने की है वो काबिले तारीफ है।''