
निकट भविष्य में नई कार खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो यह खबर आपके काम की है। बता दें कि भारत का ऑटोमोबाइल मार्केट 2026 में जबरदस्त हलचल देखने वाला है। दरअसल, मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी बड़ी कार कंपनियां मिलकर इस साल 30 से ज्यादा नई गाड़ियां लॉन्च करने की तैयारी में हैं। यह आंकड़ा पिछले पांच सालों में सबसे ज्यादा है। पिछले साल टैक्स में कटौती के बाद कारों की डिमांड में जो उछाल आया था, कंपनियां अब उसी मौके को भुनाने में जुटी हैं। माना जा रहा है कि नए लॉन्च से बाजार में जोश बना रहेगा। हालांकि, बिक्री में बहुत बड़ी छलांग की उम्मीद फिलहाल कम ही है।
इस लॉन्च फेहरिस्त की शुरुआत 26 जनवरी को होगी। इस दिन रेनॉल्ट अपनी नई जनरेशन डस्टर को पेश करेगी। बता दें कि कंपनी ने इसे 2022 में तकनीकी कारणों से भारत में बेचना बंद कर दिया था। इसके बाद मारुति सुजुकी फरवरी में अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV e-Vitara की बिक्री शुरू करेगी। आने वाले महीनों में इलेक्ट्रिक गाड़ियां लॉन्च लिस्ट पर हावी रहेंगी। टाटा मोटर्स अगले क्वार्टर में सिएरा EV समेत दो नए इलेक्ट्रिक मॉडल लाने वाली है।
वियतनाम की EV कंपनी VinFast तीन नई इलेक्ट्रिक गाड़ियों के साथ भारत में अपनी मौजूदगी मजबूत करेगी। इसके अलावा, चीन की Leapmotor, Citroen के साथ मिलकर भारतीय बाजार में एंट्री करेगी। जबकि टोयोटा भी एक नई इलेक्ट्रिक SUV लॉन्च करने की तैयारी में है। कुल मिलाकर दिसंबर 2026 तक 31 नई गाड़ियां सड़कों पर उतरेंगी।
विनफास्ट के CEO तपन घोष के अनुसार, कंपनी साल की शुरुआत एक प्रीमियम सात-सीटर इलेक्ट्रिक MPV से करेगी। इसे फैमिली और कमर्शियल दोनों तरह के इस्तेमाल के लिए डिजाइन किया गया है। उनका कहना है कि भारत में EV अब सिर्फ पर्सनल कार तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि फ्लीट और शेयरिंग मॉडल में भी बड़ी भूमिका निभाएंगी। इसी भरोसे के साथ VinFast इस साल अपना डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क भी दोगुना करने की योजना पर काम कर रही है, ताकि इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग को कैप्चर किया जा सके।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि इतनी ज्यादा लॉन्चिंग के बावजूद 2026 में कुल मांग स्थिर ही रह सकती है। ऑटो कंसल्टेंसी फर्म Jato Dynamics के प्रेसिडेंट रवि भाटिया के अनुसार, ज्यादातर लॉन्च फेसलिफ्ट या अपडेटेड मॉडल होंगे जिससे कंपनियां अपनी बाजार हिस्सेदारी बचाने की कोशिश करेंगी। वहीं, सेगमेंट खासकर मिड-साइज और प्रीमियम कैटेगरी में दबदबा बनाए रखेगा। ईटी में छपी एक खबर के अनुसार, ईवी की हिस्सेदारी भी अभी सिंगल डिजिट में ही रहने की उम्मीद है। कुल मिलाकर 2026 ऑटो इंडस्ट्री के लिए ज्यादा लॉन्च, ज्यादा मुकाबले और SUV-ड्रिवन साल के तौर पर देखा जा रहा है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.