कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय (Corporate Affairs Ministry - MCA) ने कंपनी डायरेक्टर्स के लिए कंप्लायंस की जरूरतों को आसान बना दिया है। कंपनी एक्ट, 2013 के तहत हर साल अनिवार्य KYC फाइलिंग को बदलकर अब हर तीन साल में एक बार फाइलिंग की जरूरत होगी। कंपनी मामलों के मंत्रालय (MCA) ने KYC नियम में ढील दी है। अब कंपनी के निदेशकों को हर साल केवाईसी (अपने बारे में जानकारी) नहीं देनी होगी, बल्कि अब तीन साल में एक बार जानकारी देनी होगी।
एक सरकारी अधिसूचना में एमसीए ने कहा है कि अगर डायरेक्टर्स के फोन नंबर, ईमेल या घर के पते जैसी निजी जानकारी में कोई बदलाव होता है, तब उन्हें 30 दिनों के अंदर इसकी जानकारी देनी होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, MCA ने 31 दिसंबर, 2025 को अपने नोटिफिकेशन में कहा कि जिस व्यक्ति के पास किसी वित्त वर्ष के 31 मार्च तक डायरेक्टर आइडेंटिफिकेशन नंबर है, उसे हर तीसरे साल 30 जून तक केंद्र सरकार को फॉर्म नंबर डीआईआर-3 केवाईसी वेब में केवाईसी की जानकारी देनी होगी। यानी अब हर साल केवाईसी नहीं देनी होगी।
किंग स्टब ऐंड कासिवा, एडवोकेट्स ऐंड अटॉर्नीज के पार्टनर सिद्धार्थ करनानी ने कहा, ‘यह एक सोच-समझकर उठाया गया कदम है जिसमें जोखिम को ध्यान में रखकर नियमों में बदलाव किया गया है। इससे ग्राहकों और नियमों के दायरे में आने वाली कंपनियों, दोनों पर नियमों का बोझ कम होगा। खासकर उन मामलों में जहां ग्राहकों की जानकारी और लेन-देन का तरीका एक जैसा रहता है और इसमें मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद को वित्तीय मदद देने जैसे मुख्य उद्देश्यों को नरम नहीं किया गया है।’
MCA ने एक बयान में कहा कि ये बदलाव गैर-वित्तीय नियामकीय सुधारों पर बनी हाई लेवल की कमेटी उच्च स्तरीय समिति की सिफारिशों और संबंधित मंत्रालयों के साथ सलाह-मशविरा करके हितधारकों से मिले सुझावों के आधार पर किए गए हैं। एमसीए ने कहा, ‘इस बदलाव का मकसद सभी कंपनियों के निदेशकों को नियमों का पालन करने में सहूलियत देना है।’