
डीजल इंजनों पर लगातार सख्त होते उत्सर्जन नियम अब भारतीय कार बाजार की दिशा बदलते नजर आ रहे हैं। नई टेक्नोलॉजी और नियमों के चलते डीजल कारें न सिर्फ पहले के मुकाबले ज्यादा महंगी हो गई हैं, बल्कि उनकी मेंटेनेंस भी जटिल और खर्चीली होती जा रही है। खासतौर पर छोटी और मिड-सेगमेंट कारों में डीजल की प्रासंगिकता तेजी से घट रही है। ऐसे माहौल में ग्राहक कम ईंधन खर्च, आसान मेंटेनेंस और बेहतर वैल्यू फॉर मनी की तलाश कर रहे हैं। इसी जरूरत को CNG कारें पूरा कर रही हैं। कम रनिंग कॉस्ट और प्रदूषण के चलते CNG कारें अब धीरे-धीरे डीजल का मजबूत ऑप्शन बनते जा रहे हैं, जिसका असर सीधे बिक्री के आंकड़ों में दिख रहा है। बता दें कि FY2025 में भारत में 8 लाख से ज्यादा CNG कारों की बिक्री हुई।
बता दें कि FY2025 में भारत में CNG कारों की बिक्री में सालाना आधार पर 22 पर्सेंट की जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीते वित्त वर्ष में देशभर में कुल 8,38,546 CNG कारें बिकीं जो इस सेगमेंट की तेजी से बढ़ती पॉपुलैरिटी को दिखाती है। इस ग्रोथ में सबसे बड़ा योगदान मारुति सुजुकी का रहा, जिसने CNG सेगमेंट में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। ग्राहकों के बीच भरोसे, मजबूत सर्विस नेटवर्क और किफायती विकल्पों के चलते मारुति सुजुकी इस सेगमेंट में लंबे समय से लीडर बनी हुई है।
मारुति सुजुकी भारत में CNG कारों की सबसे बड़ी रेंज ऑफर करती है। कंपनी के पोर्टफोलियो में एस-प्रेसो, ऑल्टो, सेलेरियो, वैगन आर, स्विफ्ट, ईको, डिजायर, बलेनो, फ्रोंक्स, विटारा ब्रेजा, अर्टिगा, एक्सएल6 और ग्रैंड विटारा समेत कुल 13 मॉडल शामिल हैं। FY2025 में मारुति अर्टिगा देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली CNG कार रही जिसकी 1,29,920 यूनिट्स बिकीं। इसके अलावा, वैगन आर, डिजायर, विटारा ब्रेजा और ईको जैसे मॉडल्स को भी शानदार रिस्पॉन्स मिला। कुल मिलाकर मारुति ने 5,91,730 CNG कारें बेचीं। बता दें कि इस सेगमेंट में 70.6 पर्सेंट की बड़ी मार्केट शेयर अपने नाम की।
मारुति के बाद CNG सेगमेंट में टाटा मोटर्स दूसरे स्थान पर रही। कंपनी टियागो, टिगोर, पंच, अल्ट्रोज़ और नेक्सन जैसे पांच CNG मॉडल बेचती है। FY2025 में टाटा ने 1,39,460 CNG कारें बेचीं और इसकी बाजार हिस्सेदारी 16.6 पर्सेंट रही। वहीं, हुंडई ने एक्सटर, ग्रैंड आई10 और ऑरा के जरिए 79,267 यूनिट्स की बिक्री की और 9.5 पर्सेंट मार्केट शेयर के साथ तीसरे स्थान पर रही।
दूसरी ओर टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने मारुति के साथ साझेदारी के दम पर ग्लैंजा, टैसर, रुमियन और हाइराइडर CNG के जरिए 28,089 कारें बेचीं। कुल मिलाकर, बढ़ती लागत और बदलते नियमों के बीच CNG कारें अब भारतीय ग्राहकों के लिए डीजल का मजबूत और किफायती विकल्प बनती जा रही हैं।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.