
Netflix-Warner Bros Acquisition: Netflix ने Warner Bros का अधिग्रहण कर लिया है। नेटफ्लिक्स ने इसका ऐलान अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में किया, जिसमें कहा गया है कि दोनों कंपनियां मिलकर अगले सौ साल की स्टोरीटेलिंग को नई दिशा देंगी। इस कदम ने OTT, टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में एक नया मोड़ ला दिया है।
नेटफ्लिक्स ने लगभग $72 बिलियन (6.47 लाख करोड़ रुपये) में वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी की फिल्म और टीवी यूनिट और स्ट्रीमिंग डिविजन खरीद लिया है। इस डील का मतलब है कि नेटफ्लिक्स के पास अब गेम ऑफ थ्रोन्स, हैरी पॉटर, डीसी कॉमिक्स जैसी दुनिया की सबसे बड़ी और महंगी कंटेंट फ्रेंचाइजियों का सीधा कंट्रोल होगा। इससे नेटफ्लिक्स को डिज्नी और पैरामाउंट जैसे बड़े प्रतिद्वंद्वियों पर मजबूत बढ़त मिलेगी।
यह सौदा अचानक नहीं हुआ। Paramount, Comcast और Netflix- तीनों कंपनियों के बीच कई हफ्तों तक जोरदार प्रतियोगिता चली। नेटफ्लिक्स ने करीब $28 प्रति शेयर की पेशकश कर बाकी सभी बोली लगाने वालों को पीछे छोड़ दिया। पैरामाउंट की तरफ से प्रक्रिया पर सवाल भी उठे, लेकिन आखिरकार नेटफ्लिक्स आगे निकल गया।
डील की आधिकारिक घोषणा होते ही मार्केट का मूड थोड़ा मिला-जुला नजर आया। नेटफ्लिक्स के शेयर करीब 3% टूट गए, जबकि वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी लगभग $24.5 के स्तर पर स्थिर बना रहा। पैरामाउंट के शेयर्स में भी लगभग 2.2% की गिरावट देखने को मिली। कुल मिलाकर निवेशक इस मेगा मर्जर को लेकर अभी थोड़ा सतर्क दिखाई दे रहे हैं और मार्केट भी इसी अनिश्चितता को दिखा रहा है।
चूंकि नेटफ्लिक्स पहले से दुनिया की सबसे बड़ी स्ट्रीमिंग सर्विस है और वॉर्नर ब्रदर्स भी HBO Max जैसे प्लेटफॉर्म के साथ करीब 130 मिलियन सब्सक्राइबर्स रखता है, इसलिए इस डील पर अमेरिका और यूरोप में सख्त एंटिट्रस्ट जांच होना तय माना जा रहा है। एनालिस्ट मान रहे हैं कि जांच लंबी चल सकती है लेकिन नेटफ्लिक्स इस कदम के जरिए भविष्य के कंटेंट राइट्स को पूरी तरह सुरक्षित करना चाहता है।
इस डील में Warner Bros Discovery के हर शेयरधारक को $23.25 कैश और साथ में $4.50 के Netflix शेयर मिलने वाले हैं। इस हिसाब से कंपनी की कुल वैल्यू लगभग $72 बिलियन बनती है, जो कर्ज जोड़ने के बाद बढ़कर करीब $82.7 बिलियन तक पहुंच जाती है।
नेटफ्लिक्स का कहना है कि इस मेगा मर्जर के तीन साल बाद कंपनी हर साल लगभग $2–3 बिलियन की लागत बचत करेगी। यानी लंबे समय में यह डील सिर्फ कंटेंट पावर बढ़ाने वाली नहीं बल्कि खर्च कम कर नेटफ्लिक्स की कमाई को भी मजबूत करेगी।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.