Nitin Gadkari News: गाड़ी दौड़ेगी 1000 किमी, जेब से खर्च होंगे सिर्फ ₹600, जानें नितिन गडकरी का EV महा प्लान

Nitin Gadkari EV Plan: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए एक नया प्रस्ताव दिया है। इसमें कहा गया है कि रात में EV चार्जिंग की दर 3 रुपये प्रति यूनिट और दिन में 5 रुपये प्रति यूनिट रखी जाए। 

Jitendra Singh
पब्लिश्ड5 Nov 2026, 07:13 PM IST
EV Charging Cost: गडकरी के नए प्लान से बिजली की बचत होगी।
EV Charging Cost: गडकरी के नए प्लान से बिजली की बचत होगी।
AI Quick Read

Nitin Gadkari EV Plan: पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच इलेक्ट्रिक वाहन (EV) खरीदने वालों के लिए एक बड़ी राहत की संभावना नजर आ रही है। सड़क परिवहन और राजमार्ग केंद्रीय मंत्री (Union Minister for Road Transport and Highways) नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने महाराष्ट्र के सीएम को बड़ा सुझाव दिया है। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए चार्जिंग के नए टिप्स दिए हैं। गडकरी ने इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की चार्जिंग को बढ़ावा देने के लिए रात में बिजली की दर 3 रुपये प्रति यूनिट और दिन में 5 रुपये प्रति यूनिट रखने की सलाह दी है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि इससे राज्य में दिन के समय सौर ऊर्जा का उपयोग किया जा सकता है। वहीं रात में सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जा सकती है। इस प्रस्ताव के तहत रात और दिन में ईवी चार्जिंग के लिए अलग-अलग दरें रखने की बात कही गई है। KPMG ENRich 2026 के कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को यह सुझाव दिया था। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से यह भी पूछा कि कितनों के पास इलेक्ट्रिक वाहन हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 20-25% लोगों ने हाथ उठाए है। इसके साथ ही उन्होंने अनुमान जताया कि अगले साल तक यह आंकड़ा 35-40% तक पहुंच जाएगा।

EV को 1000 किमी चलाने पर कितना आएगा खर्च?

अगर बिजली की दर 3 रुपये प्रति यूनिट है और गाड़ी की एफिशिएंसी 5 km प्रति यूनिट मानी जाए तो एक इलेक्ट्रिक कार को 1,000 km चलने के लिए 200 यूनिट बिजली की जरूरत होगी। इस पर सिर्फ 600 रुपये खर्च आेगा। वहीं 15 km प्रति लीटर का माइलेज देने वाली पेट्रोल कार को लगभग 66.67 लीटर पेट्रोल की जरूरत होगी।

Advertisement

मुंबई में पेट्रोल की कीमत 111.21 रुपये प्रति लीटर मान लें, तो इसका खर्च लगभग 7,414 रुपये आएगा। इसी माइलेज वाली डीजल कार का खर्च लगभग 6,522 रुपये आएगा। इसका मतलब यह है कि 1,000 km की दूरी तय करने में, पेट्रोल कार की तुलना में EV से लगभग 6,814 रुपये और डीजल कार की तुलना में लगभग 5,922 रुपये की बचत हो सकती है।

हर साल 6000 इलेक्ट्रिक बसें बनती हैं

गडकरी ने बताया कि लिथियम-आयन बैटरी की कीमतें लगभग 150 डॉलर प्रति किलोवाट-घंटा से घटकर 50 डॉलर प्रति किलोवाट-घंटा हो गई हैं। हालांकि इनकी मांग अभी भी आपूर्ति से अधिक बनी हुई है। गडकरी ने कहा कि भारत हर साल लगभग 6,000 इलेक्ट्रिक बसों का निर्माण करता है।

अगले दो वर्षों में उसे 10,000 बसों की आवश्यकता होगी। उन्होंने वोल्वो, अशोक लीलैंड, मर्सिडीज-बेंज और टाटा की ओर से बनाई गई इलेक्ट्रिक बसों का जिक्र किया। इतना ही नहीं मुंबई में लॉन्च की गई इलेक्ट्रिक डबल-डेकर बस का भी गडकरी ने जिक्र किया।

Advertisement

इथेनॉल और हाइड्रोजन वाहनों को भी बढ़ावा

मंत्री ने बताया कि हाइड्रोजन से चलने वाले तीन टाटा ट्रक विकसित किए जा रहे हैं। इनमें से दो हाइड्रोजन इंटरनल कंबशन इंजन पर चलेंगे और तीसरा फ्यूल सेल का इस्तेमाल करेगा। उन्होंने 10 हाइड्रोजन रूटों की योजनाओं के बारे में भी बात की। इसके साथ ही अशोक लीलैंड, वोल्वो, टाटा, एचपीसीएल और रिलायंस जैसी कंपनियों के साथ मिलकर फिलिंग स्टेशन भी तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन रूटों और स्टेशनों को चार महीने के भीतर शुरू कर दिया जाएगा।

भारत में होता है इथेनॉल का इस्तेमाल

गडकरी ने इथेनॉल, कारों और दोपहिया वाहनों में बायोफ्यूल के इस्तेमाल पर बात की। उन्होंने बताया कि लगभग चार करोड़ चार-पहिया वाहन और 20 करोड़ दोपहिया वाहन E20 ईंधन का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसमें 20% इथेनॉल होता है।

Advertisement

उन्होंने ऐलान किया कि इसी महीने एक ऐसी टोयोटा इनोवा लॉन्च की जाएगी जो 100% बायोएथेनॉल पर चल सकती है। गडकरी ने बताया कि वह लगभग डेढ़ साल से इस गाड़ी का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इसे चलाने का खर्च 25 रुपये प्रति लीटर वाले पेट्रोल के खर्च के बराबर है।

बायो-इथेनॉल पर बाइक भी चलेगी

उन्होंने इसकी तुलना इथेनॉल (जिसकी कीमत लगभग 75 रुपये प्रति लीटर है) और पेट्रोल (जिसकी कीमत लगभग 120 रुपये प्रति लीटर है) से की। उन्होंने यह भी बताया कि टाटा, महिंद्रा, टोयोटा, सुजुकी और हुंडई फ्लेक्स-फ्यूल कारों पर काम कर रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि बजाज, टीवीएस, हीरो और होंडा ऐसे दो-पहिया वाहन विकसित कर रही हैं जो 100% बायो-इथेनॉल पर चल सकते हैं।

Advertisement

About the Author

जितेन्द्र सिंह ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से B.Sc (भौतिक शास्त्र और रसायन शास्त्र) की डिग्री हासिल की है। इसके बाद साल 2007 में मुंबई के भारतीय विद्या...Read More

होमबिजनेसNitin Gadkari News: गाड़ी दौड़ेगी 1000 किमी, जेब से खर्च होंगे सिर्फ ₹600, जानें नितिन गडकरी का EV महा प्लान
अगला लेख पढ़ें
OPEN IN APP
HomeMarketsPortfolioPremiumGet App