बाजार में आसमान छू रही कीमत और सरकारी गोदामों में सड़ गए 36 हजार टन प्याज, दिल्ली के बाद कई शहरों में किल्लत का खतरा!

Onion Crisis: बफर स्टॉक में 36 हजार टन प्याज सड़ने और खरीफ फसल में देरी से प्याज के दाम 50 से 65 रुपये तक बढ़ गए हैं। संकट से निपटने के लिए सरकार ने ‘कांदा एक्सप्रेस’ चलाई है। 

Shivam Shukla
पब्लिश्ड27 Aug 2026, 08:03 AM IST
बाजार में आसमान छू रही कीमत और सरकारी गोदामों में सड़ गए 36 हजार टन प्याज
बाजार में आसमान छू रही कीमत और सरकारी गोदामों में सड़ गए 36 हजार टन प्याज(PTI)

किचन के बजट पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ने का खतरा बढ़ गया है। खुदरा बाजार में प्याज की कीमतें पहले ही 50 से 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुकी हैं, और अब आने वाले दिनों में यह संकट और गहरा सकता है। केंद्र सरकार की ओर से खरीदे गए कुल 1.20 लाख टन बफर स्टॉक में से लगभग 30 फीसदी या करीब 36,000 टन प्याज सड़ने और अंकुरित होने के कारण बर्बाद हो चुकी है। बेमौसम बारिश के कारण प्याज की शेल्फ लाइफ तेजी से घटी है, जिससे त्योहारी सीजन से ठीक पहले सप्लाई चेन चरमराने की आशंका पैदा हो गई है।

प्रमुख शहरों के लिए सरकार चला रही कांदा एक्सप्रेस

बढ़ती कीमतों को थामने के लिए सरकार ने सीधे बाजार में हस्तक्षेप शुरू कर दिया है। इसी क्रम में लासलगांव से 500 टन प्याज लेकर पहली विशेष मालगाड़ी कांदा एक्सप्रेस दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है। छंटाई और ग्रेडिंग में समय लगने के कारण ट्रेन लगभग 24 घंटे की देरी से चली। दिल्लीवासियों को राहत देने के लिए यह प्याज नैफेड (NAFED), एनसीसीएफ (NCCF) और केंद्रीय भंडार के आउटलेट्स के जरिए 35 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर बेचा जाएगा। इसके अलावा, ट्रकों के जरिए भी 60 टन प्याज की खेप राजधानी पहुंचाई जा चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में चेन्नई, कोलकाता, गुवाहाटी, एर्नाकुलम और मदुरै जैसे शहरों के लिए भी ऐसी विशेष ट्रेनें चलाने की योजना है।

किसानों के पास भी खत्म हो रहा स्टॉक

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल सरकार ने 2 लाख टन समर अनियन जुटाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन एजेंसियां केवल 1.20 लाख टन ही खरीद पाईं। इसका 90 फीसदी से ज्यादा हिस्सा नासिक से आया था। आमतौर पर सालाना 20 फीसदी प्याज खराब होता है, मगर इस बार यह आंकड़ा 40 फीसदी तक पहुंचने का अनुमान है। दूसरी तरफ, देश के सबसे बड़े प्याज उत्पादक जिले नासिक के किसानों के पास मौजूद 24 लाख टन की भंडारण क्षमता में से अब सिर्फ 25 फीसदी स्टॉक बचा है। नुकसान के डर और मंडियों में अच्छे दाम मिलने के कारण किसानों ने सितंबर का इंतजार किए बिना जून-जुलाई में ही अपना प्याज बेचना शुरू कर दिया था। आशंका है कि यह बचा हुआ स्टॉक सितंबर के अंत या अक्टूबर की शुरुआत तक पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

अक्टूबर में आ सकता है बड़ा सप्लाई गैप

बता दें कि मार्च-अप्रैल में काटी गई गर्मियों की प्याज ही अक्टूबर-नवंबर तक देश की रसोई का सहारा बनती है, लेकिन इस बार खरीफ का गणित पूरी तरह बिगड़ चुका है। बारिश की कमी के चलते नासिक में औसतन 30,000 हेक्टेयर में खरीफ प्याज लगता है, वहीं अब तक केवल 370 हेक्टेयर यानी मात्र 1% में ही रोपाई हो पाई है। इसका सीधा असर यह होगा कि नई फसल मंडियों में नवंबर के मध्य या दिसंबर से पहले नहीं आ सकेगी। जानकारों का मानना है कि अगर मौजूदा स्टॉक तेजी से खत्म हुआ, तो सितंबर और अक्टूबर के दौरान बाजार में प्याज का भारी संकट खड़ा हो सकता है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमबिजनेसबाजार में आसमान छू रही कीमत और सरकारी गोदामों में सड़ गए 36 हजार टन प्याज, दिल्ली के बाद कई शहरों में किल्लत का खतरा!
More