Onion Price Hike: प्याज की कीमतों में लगी आग! दिल्ली में 40 पार हुआ भाव, ₹70 तक जा सकती है कीमत

Onion Price Hike: प्याज की सप्लाई घटने और नई फसल में देरी से कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं। दिल्ली में भाव 40 रुपये किलो के पार पहुंच गए हैं। स्टॉक खत्म होने से कीमतों में और उछाल की आशंका है।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड26 Dec 2025, 03:07 PM IST
दिल्ली में प्याज की कीमतें 40 रुपये के पार
दिल्ली में प्याज की कीमतें 40 रुपये के पार

Onion Price Hike: देश की राजधानी समेत कई हिस्सों में प्याज के बढ़ते दामों ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। दिल्ली की मंडियों में प्याज की आपूर्ति कम होने से इसके रेट्स 40 रुपये प्रति किलो के स्तर को पार कर चुके हैं। बाजार के जानकारों का मानना है कि अगर नई फसल आने में और देरी हुई, तो कीमतें जल्द ही 70 रुपये तक पहुंच सकती हैं। फिलहाल सरकार के प्रयासों का असर जमीन पर नजर नहीं आ रहा है।

बढ़ती कीमतों के पीछे क्या है कारण?

बाजार में प्याज की कीमतों के बढ़ने की सबसे बड़ी वजह डिमांड और सप्लाई के बीच बढ़ता अंतर है। मंडियों में प्याज की आवक (यानी बाजार में आने वाली सप्लाई) कम हो गई है, जिससे कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इसके साथ ही कुछ व्यापारियों की कालाबाजारी ने भी आग में घी डालने का काम किया है। पुरानी फसल का स्टॉक खत्म होने के कगार पर है और नई फसल को बाजार तक पहुंचने में अभी वक्त लग रहा है।

एशिया के सबसे बड़ी थोक मंडी में क्या है भाव?

एशिया की सबसे बड़ी थोक मंडी आजादपुर में प्याज की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। यहां राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश से आने वाले प्याज का भाव 600 रुपये से लेकर 1120 रुपये प्रति 40 किलो तक पहुंच गया है। आंकड़ों के मुताबिक, राजस्थान से 26 गाड़ियां करीब 11,000 कट्टे प्याज लेकर पहुंची हैं, जबकि पिछले दिन की 21 गाड़ियां अभी भी मंडी में शेष खड़ी हैं। कम आवक के चलते थोक बाजार का दबाव अब रिटेल कीमतों पर साफ दिख रहा है।

बारिश की वजह से हुआ नुकसान

प्याज के बड़े उत्पादक राज्यों जैसे महाराष्ट्र, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में भारी बारिश ने फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है। बारिश की वजह से बुवाई और कटाई दोनों पर बुरा असर पड़ा, जिससे मंडियों तक प्याज नहीं पहुंच पा रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि पिछले साल की रबी फसल का स्टॉक अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। खराब मौसम के कारण नई फसल तैयार होने में देरी हो रही है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है।

महंगाई से बचने के लिए लोगों ने घटाई खरीदारी

बढ़ती कीमतों का असर अब लोगों की थाली पर दिखने लगा है। दिल्ली में प्याज के दाम 40 रुपये किलो के पार जाने के बाद ग्राहकों ने अपनी जरूरत कम कर दी है। जो लोग पहले किलो के हिसाब से प्याज खरीदते थे, अब वे पाव या आधा किलो से ही काम चला रहे हैं। हालांकि किसानों को इस बढ़ती कीमत का ज्यादा फायदा नहीं मिला है, क्योंकि उनमें से कइयों ने अपनी उपज पहले ही कम दामों पर बेच दी थी। बाजार को अब केवल नई फसल की बंपर आवक का इंतजार है ताकि कीमतें स्थिर हो सकें।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमबिजनेसOnion Price Hike: प्याज की कीमतों में लगी आग! दिल्ली में 40 पार हुआ भाव, ₹70 तक जा सकती है कीमत
More