
Pakistan Crude Crisis: मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग से पाकिस्तान बुरी तरह से फंसता हुआ नजर आ रहा है। होर्मुज स्ट्रेटट (Strait of Hormuz) के बंद होने की वजह से पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत हो गई है। हालात ये है कि पाकिस्तान के पास अब बहुत ही कम दिनों का तेल बचा है और सरकार देश को फिर से कोरोना वाली पाबंदियों में धकेलने की तैयारी कर रही है। पाकिस्तान में सरकार तेल की बचत के लिए ऑनलाइन क्लासेस, वर्क फ्रॉम होम से जैसे उपायों पर विचार करने की योजना बना रही है।
दरअसल, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की तरफ से यह ऐलान किया गया है कि उनकी तरफ से इस समुद्री मार्ग को अमेरिका, इजराइल और यूरोपीय यूनियन के जहाजों के लिए बंद किया जा रहा है। रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने यह भी कहा कि इंटरनेशनल कानून और संबंधित प्रस्तावों के आधार पर इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के पास युद्ध के समय होर्मुज स्ट्रेट को रेगुलेट करने का अधिकार है। ऐसे में तेल और गैस की सप्लाई में रुकावट आने की आशंकाएं बढ़ गई हैं।
NDTV में छपी खबर के मुताबिक, पाकिस्तान के वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब ने एक डराने वाला आंकड़ा पेश किया है। उनके मुताबिक, देश के पास अब सिर्फ 28 दिनों का डीजल, 10 दिनों का कच्चा तेल और महज 15 दिनों की एलपीजी (LPG) बची है। होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते ईरान ने ट्रैफिक बंद कर दिया है, जिससे पाकिस्तान को होने वाली सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। ईरान का कहना है कि युद्ध के समय उसे इस रास्ते को नियंत्रित करने का पूरा हक है।
पाकिस्तानी न्यूज पेपर Dawn की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में शहबाज शरीफ की सरकार इस समस्या से निपटने के लिए कई कदम उठाने वाली है जैसे पेट्रोल की कीमतों में हर हफ्ते बदलाव, तेल कंपनियों को इंश्योरेंस और इंपोर्ट प्रीमियम की बढ़ी हुई लागत के लिए मुआवजा देना और फ्यूल बचाने के उपाय शामिल हैं। इसी क्रम में सरकार कंपनियों को हफ्ते में दो दिन रिमोट वर्किंग अपनाने के लिए भी बढ़ावा दे सकती है। इस महीने सिर्फ जरूरी स्टाफ ही ऑफिस में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा, कर्मचारियों से राइड शेयर करने के लिए कहने के भी प्रस्ताव हैं। एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन को ऑनलाइन क्लोसज लेने की सलाह दी जा सकती है।
पाकिस्तान अपनी जरूरत का करीब 70 फीसदी क्रूड ऑयल और 30 फीसदी बना बनाया पेट्रोल-डीजल UAE, कुवैत, सऊदी अरब जैसे खाड़ी देशों से मंगाता है। ऐसे में अगर होर्मुज स्ट्रेट लंबे समय तक बंद रहा, तो पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत आ सकती है। बिजली उत्पादन भी रूक सकता है। इसके साथ ही महंगाई और ज्यादा बढ़ सकती है।
हैरान करने वाली बात ये है कि ईरान ने चीनी जहाजों को हॉर्मुज से गुजरने की इजाजत दे दी है। चीन द्वारा ईरान का समर्थन किए जाने के बदले उसे यह गिफ्ट मिला है। दूसरी ओर, पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने ईरान को चेतावनी दी है कि सऊदी अरब के साथ उनके रक्षा समझौते की वजह से पाकिस्तान भी इस युद्ध में खिंच सकता है। इससे हालात और ज्यादा बिगड़ सकते हैं। हालांकि, पाकिस्तान युद्ध का जोखिम नहीं उठा सकता, जब वह पहले से ही अफ़गानिस्तान के साथ एक और लड़ाई में फंसा हुआ है और खासकर तब जब उसकी इकॉनमी खस्ता हालत में है।
होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) फारस की खाड़ी के मुहाने पर स्थित एक संकरा सा रास्ता है। यही एकमात्र समुद्री रास्ता है, जो फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी या अरब सागर से जोड़ता है। इसके उत्तर में ईरान और दक्षिण में ओमान और संयुक्त अरब अमीरात है। होर्मुज स्ट्रेट को फारस की खाड़ी का प्रवेश द्वार भी कहते हैं क्योंकि इसी संकरे रास्ते से सऊदी अरब, कुवैत, कतर, इराक जैसे दुनिया के प्रमुख उत्पादक देश अपना तेल बाहर भेजते हैं। हर दिन करीब 15 मिलियन बैरल कच्चा तेल इसी रास्ते से होकर गुजरता है, जो दुनिया की सप्लाई का करीब पांचवां हिस्सा है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
MoreOops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.