India NZ Free Trade Deal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी न्यूजीलैंड दौरे से ठीक पहले वहां के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सम ने ट्रेड डील का ऐलान किया है। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्रेड डील के फायदों को खुलकर साझा किया है। लक्सम ने कहा, इस फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के लागू होने के पहले ही दिन से न्यूजीलैंड से भारत आने वाले कुल एक्सपोर्ट का 57 प्रतिशत हिस्सा पूरी तरह से टैरिफ-फ्री हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस डील से न्यूजीलैंड के बिजनेस सेक्टर में एक अभूतपूर्व तेजी देखने को मिलेगी, जिससे वहां के स्थानीय उद्योगों को सीधे तौर पर भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था का सहारा मिलेगा।
चार दशकों का इंतजार खत्म
यह सप्ताह दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के लिहाज से बेहद अहम होने वाला है। पीएम नरेंद्र मोदी 10 से 11 जुलाई तक न्यूजीलैंड के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। पिछले लगभग चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली न्यूजीलैंड यात्रा है। इस लंबे इंतजार के खत्म होने को लेकर खुद पीएम लक्सम बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने भारत को दुनिया की सबसे तेज रफ्तार से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में से एक बताते हुए कहा कि यह एगीमेंट न्यूजीलैंड की समृद्धि के लिए बेहद जरूरी और दूरगामी साबित होगी।
रोजगार और द्विपक्षीय संबंधों को मिलेगी नई रफ्तार
बता दें कि अप्रैल महीने में साइन हुए इस फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के कई मायने हैं। इस समझौते के तहत न्यूजीलैंड के प्रोडक्ट्स को भारत के 1.4 अरब उपभोक्ताओं तक सीधी और आसान पहुंच मिलेगी। इसके बदले में, भारत से न्यूजीलैंड जाने वाले सभी सामानों पर अब कोई ड्यूटी नहीं लगेगी। लक्सम का मानना है कि इस कदम से न केवल दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध मजबूत होंगे, बल्कि न्यूजीलैंड में बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और कर्मचारियों की सैलरी में भी इजाफा होगा। गौरतलब बै कि पीएम मोदी अपनी इस यात्रा के दौरान केवल व्यापार और रक्षा सहयोग पर उच्च स्तरीय बैठकों के साथ-साथ मौजूद भारतीय प्रवासियों और खेल जगत की हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे।