24 घंटे में पीएम मोदी की दूसरी बार अपील, 'वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन क्लास, कार पूलिंग...

PM Modi Appeal To Indians: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 घंटे में दूसरी बार जंग के असर से बचने के लिए देशवासियों से बड़ी अपील की है। पीएम मोदी ने वर्क फ्रॉम होम अपनाने, सोने की खरीद पर रोक लगाने और डीजल-पेट्रोल के इस्तेमाल पर संयम बरतने की अपील की है।

Jitendra Singh
अपडेटेड11 May 2026, 09:24 PM IST
PM Modi Appeal To Indians: पीएम मोदी ने गुजरात में भी अपने संदेश को दोहराया है।
PM Modi Appeal To Indians: पीएम मोदी ने गुजरात में भी अपने संदेश को दोहराया है।

PM Modi Appeal To Indians: अमेरिका और ईरान की जंग के बीच दुनिया के कई देश पिस रहे हैं। कई देशों में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी का संकट पैदा हो गया है। इस बीच भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 घंटे में दूसरी बार देश की जनता से पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने सोना नहीं खरीदने को कहा है और तेल की खपत कम करने की भी बात कही है। इससे पहले हैदराबाद में उन्होंने कहा था कि देश के नागरिकों को एक बार फिर कोरोनाकाल के उपायों के अमल में लाना चाहिए।

इसमें वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन क्लास और वर्चुअल मीटिंग करना शामिल था। अमेरिका और ईरान के बीच दोबारा युद्ध शुरू होने के हालात बन रहे हैं। अगर ऐसा हुआ तो भारत समेत दुनिया के कई देशों पर इसका गंभीर असर होगा। इसी वजह से पीएम मोदी देश के लोगों से उनकी आदतों में थोड़ा बदलाव लाने की अपील कर रहे हैं, ताकि देश पर होने वाले युद्ध के असर को कम किया जा सके।

वड़ोदरा में पीएम मोदी ने जनसभा को किया संबोधित

गुजरात में वडोदरा रैली के दौरान सोमवार की शाम को प्रधानमंत्री मोदी ने संकेत दिया कि जब तक हालात सामान्य नहीं होते, लोगों को छोटे-छोटे लेकिन महत्वपूर्ण कदम उठाना चाहिए। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, कार पूलिंग अपनाने, वर्क फ्रॉम होम और वर्चुअल मीटिंग्स को बढ़ावा देने की बात कही है। इसके साथ ही स्कूलों से भी ऑनलाइन क्लास चलाने का आग्रह करने की बात कही है। आर्थिक दबाव को देखते हुए पीएम मोदी ने लोगों से सोने की खरीद टालने की अपील की और विदेशी उत्पादों के बजाय स्वदेशी चीजों के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने किसानों से भी रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती अपनाने का आग्रह किया है।

यह भी पढ़ें | तेल बचाने से लेकर सोना नहीं खरीदने तक, पीएम को इसलिए करनी पड़ीं 7 अपील

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया लगातार अस्थिर परिस्थितियों से गुजर रही है। पहले कोरोना का संकट, फिर वैश्विक आर्थिक चुनौतियां, और अब पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव। इन सारी परिस्थितियों का असर लगातार पूरी दुनिया पर पड़ रहा है और भारत भी इससे अछूता नहीं है। अगर कोरोना महामारी इस सदी का सबसे बड़ा संकट थी... तो पश्चिम एशिया में युद्ध से बनी परिस्थितियां...इस दशक के बड़े संकटों में से एक है। जब हमने मिलकर कोरोना का मुकाबला कर लिया तो इस संकट से भी अवश्य पार पा जाएंगे। सरकार भी लगातार ये प्रयास कर रही है, कि देश के लोगों पर इसका कम से कम असर हो।

जरूरत है कि हम सब मिलकर दायित्व निभाएंः मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 'पहले के दशकों में भी जब-जब देश युद्ध या किसी और अन्य बड़े संकट से गुजरा है, सरकार की अपील पर हर नागरिक ने ऐसे ही अपना दायित्व निभाया है। आज भी जरूरत है कि हम सब मिलकर अपना दायित्व निभाएं... देश के संसाधनों पर पड़ने वाले बोझ को कम करें। हमें हर छोटे-बड़े प्रयास से ऐसे उत्पादों का उपयोग कम करना है, जो विदेश से आते हैं… और ऐसे व्यक्तिगत कामों से भी बचना है जिसमें विदेशी मुद्रा खर्च होती हो।'

क्या-क्या बोले पीएम मोदी

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने खाने के तेल के उपयोग को कम करने की भी सलाह दी, ताकि स्वास्थ्य और आर्थिक दोनों स्तरों पर संतुलन बना रहे। ईंधन की बचत पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो, पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम किया जाए। उन्होंने मेट्रो, इलेक्ट्रिक बसों और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट के अधिक उपयोग की अपील की है। इसके साथ ही कार पूलिंग को बढ़ावा देने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि जिनके पास कार है, वे एक ही वाहन में ज्यादा लोगों के साथ यात्रा करें।

यह भी पढ़ें | ‘पेट्रोल-डीजल और LPG की कोई कमी नहीं’, पेट्रोलियम मंत्रालय ने दिया भरोसा

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज डिजिटल टेक्नोलॉजी ने जीवन को काफी आसान बना दिया है, इसलिए वर्चुअल मीटिंग्स और ऑनलाइन माध्यमों का ज्यादा इस्तेमाल कर यात्रा की जरूरत को कम किया जा सकता है। उनका संदेश यही था कि बदलते वैश्विक हालात में जिम्मेदार उपभोग, बचत और स्थानीय संसाधनों के उपयोग से ही देश मजबूत रह सकता है।

NITES ने सरकार को लिखा पत्र

इधर IT कर्मचारियों से जुड़े संगठन नैसेंट आईटी एम्प्लॉइज सीनेट (NITES) ने श्रम और रोजगार मंत्रालय को एक आधिकारिक पत्र भेजा है। ET नाउ की रिपोर्ट के अनुसार, इस पत्र में मांग की गई है कि IT और ITES कंपनियों के लिए जहां संभव हो, वहां फिर से घर से काम करने की एक एडवाइजरी जारी की जाए। संगठन का कहना है कि इससे ईंधन की खपत कम होगी और लोगों को रोजाना यात्रा करने की जरूरत भी घटेगी। NITES का कहना है कि IT सेक्टर के पास घर से काम करने की पूरी सुविधा और तकनीक पहले से मौजूद है। संगठन ने सरकार की अपील का समर्थन किया है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमबिजनेस24 घंटे में पीएम मोदी की दूसरी बार अपील, 'वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन क्लास, कार पूलिंग...
More