PNG Connection Apps: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव ने दुनिया भर के बाजारों में खलबली मचा दी है। भारत के नजरिए से सबसे बड़ी चिंता स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान कि तरफ से लगी पाबंदी है। बता दें कि भारत अपनी एलपीजी (LPG) जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा इसी समुद्री रास्ते से आयात करता है। इस रास्ते में रुकावट का सीधा मतलब है, बाजार में सिलेंडर की शॉर्टेज और आसमान छूती कीमतें।
यही वजह है कि अब सरकार चाहती है कि लोग एलपीजी सिलेंडर के बजाय PNG पर शिफ्ट हों। अगर आप भी सोच रहे हैं कि आखिर ये PNG कनेक्शन घर तक कैसे आएगा, तो चलिए इस पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझते हैं।
PNG क्या है और क्यों बढ़ रही है इसकी मांग?
PNG कोई अलग गैस नहीं, बल्कि वही नेचुरल गैस है जो पाइपलाइन के जरिए सीधे आपके घर तक पहुंचती है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको सिलेंडर खत्म होने या बुकिंग की चिंता नहीं करनी पड़ती। गैस 24 घंटे मिलती रहती है और बिल भी बिजली की तरह इस्तेमाल के हिसाब से आता है।
किन कंपनियों से मिलता है PNG कनेक्शन?
देश के अलग-अलग हिस्सों में कई कंपनियां PNG कनेक्शन दे रही हैं। जैसे GAIL Gas, Indraprastha Gas Limited (दिल्ली-NCR), Gujarat Gas Ltd, Adani Total Gas Ltd, Mahanagar Gas Limited और Indian Oil Corporation जैसी कंपनियां अलग-अलग राज्यों और शहरों में सेवा दे रही हैं। आपको सिर्फ यह चेक करना होता है कि आपके इलाके में कौन सी कंपनी PNG सप्लाई करती है।
ऐप से होगा पूरा कंट्रोल
आजकल लगभग सभी गैस कंपनियों के अपने मोबाइल ऐप होते हैं, जैसे IGL Connect, My AdaniGas या GAIL के ऐप्स। इन ऐप्स के जरिए आप कनेक्शन के लिए आवेदन करने से लेकर उसका स्टेटस ट्रैक करने तक सब कुछ कर सकते हैं। इसके अलावा बिल देखना, ऑनलाइन पेमेंट करना और शिकायत दर्ज करना भी बेहद आसान हो गया है।
घर बैठे कैसे लें PNG कनेक्शन, स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस:
- अपनी एरिया वाली कंपनी की वेबसाइट या ऐप पर जाएं।
- 'New Connection' पर क्लिक करें।
- अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर भरें।
- आधार कार्ड या बिजली बिल जैसे डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें (e-KYC)।
- आवेदन सबमिट करते ही कंपनी की टीम सर्वे के लिए आएगी और कुछ ही दिनों में मीटर इंस्टॉल कर दिया जाएगा।
PNG के फायदे
PNG का सबसे बड़ा फायदा है 24x7 गैस सप्लाई। सिलेंडर खत्म होने की टेंशन खत्म हो जाती है। साथ ही यह सिस्टम ज्यादा सुरक्षित माना जाता है क्योंकि इसमें लीकेज का खतरा कम होता है और हर कनेक्शन मीटर से कंट्रोल होता है। इसका इस्तेमाल सिर्फ खाना बनाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गीजर और हीटिंग के लिए भी किया जा रहा है।