Post Office 2.0: त्योहारों का मौसम शुरू हो चुका है और दिवाली व छठ जैसे बड़े पर्वों पर घर जाने के लिए ट्रेन टिकट की भारी मांग रहती है। ऐसे समय में रेलवे काउंटर और IRCTC वेबसाइट दोनों पर टिकट बुक करना किसी चुनौती से कम नहीं होता। लेकिन अब यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। अब आप अपने नजदीकी पोस्ट ऑफिस से भी ट्रेन टिकट बुक कर सकते हैं। आइये जानते हैं इंडियन पोस्ट ऑफिस से कौन - कौन सी सुविधाएं मिलती हैं।
भारत डाक (इंडिया पोस्ट) देशभर में कई तरह की सेवाएं देता है। इसमें चिट्ठी-पत्र और पार्सल भेजने के साथ-साथ बैंकिंग, छोटी बचत योजनाएं और बीमा (पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस) जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं। डाक विभाग की छोटी बचत योजनाएं सरकार चलाती है और देश के लाखों लोग इनमें निवेश करते हैं। इनका मकसद लोगों में बचत की आदत बढ़ाना और वित्तीय समावेशन यानी हर व्यक्ति तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना है। अब सरकार पोस्ट ऑफिस के जरिए ट्रेन टिकटों की बुकिंग भी कर रही है।
पोस्ट ऑफिस से मिलेगा ट्रेन का टिकट
भारतीय डाक विभाग (India Post) अब रेलवे मंत्रालय के सहयोग से रेलवे टिकट बुकिंग सेवा भी दे रहा है। यानी अब केवल रेलवे स्टेशन या ऑनलाइन पोर्टल ही नहीं, बल्कि आपके इलाके का पोस्ट ऑफिस भी ट्रेन टिकट बुक करने में मदद मिलेगी। यह सुविधा फिलहाल देशभर के 333 चुनिंदा पोस्ट ऑफिसों में शुरू की गई है, खासकर उन ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में जहां रेलवे काउंटर मौजूद नहीं हैं। इंडिया पोस्ट की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक रेलवे मंत्रालय (MOR) के सहयोग से सभी श्रेणियों के रेलवे रिजर्वेशन टिकट चुनिंदा पोस्ट ऑफिसों में बेचे जा रहे हैं ताकि लोगों को उनके नजदीकी स्थानों पर यह सुविधा मिल सके।
पोस्ट ऑफिस से ट्रेन का टिकट कैसे करें बुक
1. सबसे पहले अपने नजदीकी पोस्ट ऑफिस में जाएं जहां PRS काउंटर लगा हो।
2. अपनी यात्रा से जुड़ी जानकारी दें, स्टेशन का नाम, तारीख, ट्रेन का नाम या नंबर और क्लास।
3. निर्धारित फॉर्म भरें और भुगतान करें।
4. पोस्ट ऑफिस कर्मचारी आपकी बुकिंग तुरंत सिस्टम में कर देगा और टिकट वहीं मिल जाएगा।
5. इस सेवा के जरिए स्लीपर, एसी और जनरल सभी क्लास के टिकट बुक किए जा सकते हैं।
रेलवे का नया नियम लागू
1 अक्टूबर से रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए एक नया नियम लागू किया है। अब IRCTC की वेबसाइट या ऐप पर टिकट खुलने के पहले 15 मिनट तक सिर्फ आधार से सत्यापित यूजर्स ही टिकट बुक कर सकेंगे। अधिकृत एजेंटों के लिए पहले की तरह 10 मिनट की पाबंदी जारी रहेगी। यानी यदि आपका IRCTC अकाउंट आधार से लिंक नहीं है तो टिकट खुलने के शुरुआती 15 मिनट में आप बुकिंग नहीं कर पाएंगे। रेलवे का कहना है कि यह कदम टिकट बुकिंग सिस्टम में पारदर्शिता और फर्जी बुकिंग रोकने के लिए उठाया गया है। सामान्य बुकिंग विंडो ट्रेन के प्रस्थान की तारीख से 60 दिन पहले खुलती है।