Reliance AGM 2026 highlights: रिलायंस इंडस्ट्रीज की आज 49वीं एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) हुई। इस बैठक ने एक बार फिर देश के कॉरपोरेट जगत और उपभोक्ताओं को बड़ी सौगात दी है। चेयरमैन मुकेश अंबानी की अगुवाई में हुई इस बैठक में जियो प्लेटफॉर्म के आईपीओ सहित कई अहम घोषणाएं की गई हैं। मुकेश अंबानी ने बताया कि जियो आईपीओ का ड्राफ्ट पेपर (DRHP) आज ही मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास जमा किया जा रहा है। इसके साथ ही, रिलायंस अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और न्यू एनर्जी के सेक्टर में भी कदम बढ़ा चुकी है।
जियो प्लेटफॉर्म्स IPO के DRHP को मंजूरी
मुकेश अंबानी ने शेयरधारकों को संबोधित करते हुए ऐलान किया कि जियो प्लेटफॉर्म्स के बोर्ड ने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस (DRHP) को मंजूरी दे दी है। इसे आज ही बाजार नियामक सेबी, BSE और NSE के पास दाखिल किया जा रहा है। इस IPO के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 27 करोड़ नए शेयर बाजार जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रिलायंस और उसके शेयरधारकों का रिश्ता भरोसे और सम्मान की बुनियाद पर टिका है। जियो की लिस्टिंग से दुनिया यह देखेगी कि भारत भी वैश्विक स्तर की, बड़ी क्षमता और वैल्यूएशन वाली टेक्नोलॉजी कंपनियां खड़ी कर सकता है।
जियो ला रहा है सॉवरेन LEO सैटेलाइट इंटरनेट
टेलीकॉम सेक्टर में अपना पैर जमाने के बाद अब जियो की नजरें हर घर तक इंटरनेट पहुंचाने पर हैं। जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी ने जानकारी दी कि कंपनी भारत के लिए एक सॉवरेन लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) सैटेलाइट कंसट्रेशन डेवलअप करने पर काम कर रही है। इसका सीधा फायदा देश के उन सुदूर गांवों, द्वीपों और सीमावर्ती चौकियों को मिलेगा, जहां ट्रेडिशनल केबल या मोबाइल नेटवर्क पहुंचाना बेहद मुश्किल है। इस काम में तेजी लाने के लिए जियो दुनिया के बड़े सैटेलाइट ऑपरेटरों से क्षमता लीज पर भी ले रहा है। इसके अलावा, भारत में ही मजबूत ग्राउंड स्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है. जो स्पेस से लेकर जमीन तक इंटरनेट का एक मजबूत नेटवर्क तैयार करेगा।
भारत का पहला सॉवरेन AI बैकबोन
रिलायंस अब 'रिलायंस इंटेलिजेंस' के जरिए गुजरात के जामनगर में भारत का पहला सॉवरेन AI बैकबोन तैयार कर रहा है, जिसकी पूरी बिजली कच्छ में रिलायंस के अपने सोलर हब से आएगी। साल 2026 के आखिर तक इसके पहले 120 मेगावाट की क्षमता को चालू कर दिया जाएगा। कंपनी यहां एडवांस्ड एनवीडिया (NVIDIA) GB300 GPU का इस्तेमाल कर रही है। यह दुनिया के सबसे ताकतवर AI इंफ्रास्ट्रक्चर में से एक है। सबसे खास बात यह है कि रिलायंस इंटेलिजेंस देश की 22 क्षेत्रीय भाषाओं में मल्टीलिंगुअल AI सेवाएं तैयार कर रहा है।
रिलायंस रिटेल ने बनाया नया कीर्तिमान
इसके अलावा, रिलायंस रिटेल ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। चौथी तिमाही में कंपनी ने 20,000 स्टोर्स का आंकड़ा पार कर लिया है, जो एशिया के किसी भी रिटेलर के लिए सबसे तेज रफ्तार है। वहीं, जियोमार्ट अब देश का बड़ा क्विक कॉमर्स नेटवर्क बन चुका है। यह 3,100 से ज्यादा स्टोर्स के जरिए 1,200 से ज्यादा शहरों में किराना और जरूरी सामान मिनटों में पहुंचा रहा है।
न्यू एनर्जी से होगी मोटी कमाई
इसके साथ ही, रिलायंस ने न्यू एनर्जी वर्टिकल ने बड़े अपडेट दिए हैं। अनंत अंबानी ने बताया कि वित्त वर्ष 2027 से न्यू एनर्जी बिजनेस कंपनी की कमाई में बड़ा योगदान देने लगेगा। जामनगर का 5,000 एकड़ में फैला ग्रीन एनर्जी गीगा कॉम्प्लेक्स अब दुनिया के सबसे बड़े क्लीन एनर्जी हब में बदल चुका है। रिलायंस अपनी बैटरी निर्माण क्षमता को 120 गीगावाट ऑवर (GWh) तक बढ़ा रही है। इससे कंपनी लिथियम आयरन फॉस्फेट बैटरी की दुनिया की सबसे बड़ी उत्पादक बन जाएगी। वहीं, कच्छ का 5.5 लाख एकड़ का रिन्यूएबल हब हर साल 40 अरब यूनिट ग्रीन बिजली बनाएगा। यह भारत की कुल जरूरत का लगभग 3 प्रतिशत है।
O2C बिजनेस के लिए ये है प्लान
इसके अलावा, तेल-से-केमिकल (O2C) बिजनेस को भी पूरी तरह बदला जा रहा है, जिससे साल 2050 तक पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना कार्बन-न्यूट्रल ऑपरेशंस हासिल किए जा सकें। इसके लिए कंपनी ने सैमसंग सीएंडटी (Samsung C&T) के साथ 3 अरब डॉलर का ग्रीन अमोनिया सप्लाई एग्रीमेंट भी साइन किया है।