Rupee Fall After RBI Repo Rate Cut: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने आज रेपो रेट में कटौती का ऐलान किया है। केंद्रीय बैंक ने 25 आधार अंकों की कटौती की है, जिसके बाद अब बेंचमार्क दर 5.25 प्रतिशत हो गई है। आरबीआई के इस फैसले के बाद रुपया फिर से धड़ाम हो गया। आज के कारोबार में यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 16 पैसे टूटकर 90.5 के लेवल पर पहुंच गया। फॉरेन करेंसी ट्रेडर्स ने बताया कि जब तक कि विदेशी संस्थागत निवेशक बड़े पैमाने पर बाजार में पैसे नहीं डालते, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के ब्याज दरों में कटौती से रुपया नीचे आता रहेगा।
इस लेवल पर खुला रुपया
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 89.85 पर खुला। सुबह के कारोबार में बढ़त के साथ 89.69 पर पहुंच गया था, जो पिछले बंद भाव से 20 पैसे की बढ़त दिखाता है। रुपया बृहस्पतिवार को 26 पैसे की बढ़त के साथ 89.89 पर बंद हुआ था। इस साल डॉलर के मुकाबले रुपया करीब पांच प्रतिशत टूटा है जो एशिया मुद्रा के मुकाबले सबसे खराब प्रदर्शन है।
सेंसेक्स-निफ्टी में उछाल
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.97 पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 488.75 अंक चढ़कर 85,754.07 पर पहुंच गया और निफ्टी 163.25 अंक की बढ़त के साथ 26,197 अंक पर पहुंच गया।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 63.15 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,944.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।