Sberbank India Expansion: पुतिन दौरे के बीच स्बेरबैंक का ऐलान, भारत में करेगा 10 करोड़ डॉलर का निवेश

Sberbank CEO Herman Gref: स्बेरबैंक भारत में अपने कारोबार का विस्तार करेगा और अगले तीन वर्षों में 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर का निवेश करेगा। यह बैंक बी2बी और बी2सी क्षेत्रों में प्रवेश करेगा, साथ ही 10 शहरों में नई शाखाएं खोलने की योजना भी है…

Anuj Shrivastava( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
अपडेटेड5 Dec 2025, 09:15 AM IST
स्बेरबैंक भारत में करेगा 10 करोड़ डॉलर का निवेश
स्बेरबैंक भारत में करेगा 10 करोड़ डॉलर का निवेश

Sberbank India Expansion: रूस के सबसे बड़े बैंक ‘स्बेरबैंक’ ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह भारत में अपने कारोबार का धीरे-धीरे विस्तार करने की योजना बना रहा है और अगले तीन वर्ष में यहां करीब 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर का निवेश करेगा।‘स्बेरबैंक’ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं चेयरमैन हरमन ग्रेफ ने यहां संवाददाताओं से कहा कि हमारे पास यहां पूर्ण बैंकिंग लाइसेंस है। हम अगले तीन वर्ष में चरणबद्ध तरीके से अपने कारोबार का विस्तार करेंगे। हम बी2बी कारोबार को बढ़ाएंगे और बी2सी (व्यवसाय से उपभोक्ता) खंड में प्रवेश करेंगे।

वर्ष 2010 में अपना परिचालन शुरू करने वाले इस बैंक ने आरबीआई से 10 शहरों में 10 शाखाएं खोलने के लिए लाइसेंस मांगा है। उन्होंने कहा कि हमने भारत के केंद्रीय बैंक से कार्यालय खोलने के लिए 10 शाखा लाइसेंस देने का अनुरोध किया है।वर्तमान में इसकी दो शाखाएं हैं। बेंगलुरु में एक आईटी इकाई है जो आंतरिक डेटा प्रसंस्करण केंद्र के रूप में कार्य करती है।

यह भी पढ़ें | कौन हैं अवधूत साठे? सेबी ने लगाया बैन, वापस करने होंगे 546 करोड़ रुपये

उन्होंने कहा कि बैंक मॉस्को से एक आईटी प्रणाली लाएगा और देश के विशिष्ट नियमों के अनुसार समायोजन करेगा। इसके अलावा बैंक उच्च प्रौद्योगिकी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा में नई प्रौद्योगिकी लाने के लिए सही साझेदारों की भी तलाश करेगा। साथ ही हैदराबाद में एक ‘इन-हाउस डाटा प्रसंस्करण केंद्र’ स्थापित करने की भी योजना है।देश में समूह 900 कर्मचारियों को रोजगार देता है जिसमें आने वाले वर्ष में वृद्धि देखी जाएगी।

यह भी पढ़ें | रूसी राष्ट्रपति पुतिन के दौरे पर दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट, कई मार्ग रहेंगे बंद

10 करोड़ अमेरिकी डॉलर करेगा निवेश

ग्रेफ का यह बयान ऐसे समय में आया है जब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत की यात्रा पर हैं। पुतिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली पहुंचे। चार वर्षों में यह उनकी पहली भारत यात्रा है।ग्रेफ ने अगले तीन वर्ष में निवेश के बारे में पूछे जाने पर कहा कि यह विभिन्न क्षेत्रों में करीब 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर का होगा जिसमें एक डेटा प्रसंस्करण केंद्र एवं एक बड़ा कार्यालय भवन भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि रूसी खुदरा एवं संस्थागत ग्राहक सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश कर सकते हैं। कंपनी भारत से सोने के आयात के वित्तपोषण के लिए एक उत्पाद की भी योजना बना रही है।रुपया-रूबल व्यापार के बारे में ग्रेफ ने कहा कि इसमें लगभग 14 गुना वृद्धि हुई है तथा ‘टर्नअराउंड’ समय में भी उल्लेखनीय कमी आई है क्योंकि प्रणाली प्रत्येक गुजरते दिन के साथ बेहतर होती जा रही है।उन्होंने कहा कि भारत में निवेश करने का यह सही समय है क्योंकि इसकी अर्थव्यवस्था चीन की तुलना में काफी तेजी से बढ़ रही है और साथ ही यह टिकाऊ भी है।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़BusinessSberbank India Expansion: पुतिन दौरे के बीच स्बेरबैंक का ऐलान, भारत में करेगा 10 करोड़ डॉलर का निवेश
More
बिजनेस न्यूज़BusinessSberbank India Expansion: पुतिन दौरे के बीच स्बेरबैंक का ऐलान, भारत में करेगा 10 करोड़ डॉलर का निवेश