सस्ते में मिल जाता है रूसी तेल, फिर किस बात की चिंता? ऊर्जा सुरक्षा पर भारत का असली टेंशन समझिए

India's Energy Security Concern: रूस भारत के लिए एक महत्वपूर्ण ऊर्जा कवच है, लेकिन होर्मुज संकट और चीन की बढ़ती मांग ने दिखा दिया है कि किसी एक सप्लायर पर निर्भरता भारत की ऊर्जा सुरक्षा का स्थायी समाधान नहीं हो सकती।

Naveen Kumar Pandey
पब्लिश्ड25 Aug 2026, 09:15 AM IST
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (फाइल फोटो)
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (फाइल फोटो)

नई दिल्ली: भारत अपनी कच्चे तेल और गैस जरूरतों का 90% से अधिक हिस्सा आयात से पूरा करता है। यही वजह है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जैसी किसी महत्वपूर्ण समुद्री चेकपॉइंट में व्यवधान भारत के लिए केवल विदेश नीति या शिपिंग की समस्या नहीं है। यह सीधे महंगाई, रिफाइनरी, अर्थशास्त्र, परिवहन लागत और व्यापार संतुलन को प्रभावित कर सकता है।

74 दिन का भंडार, लेकिन LPG की चुनौती कठिन

भारत के स्ट्रैटिजिक पेट्रोलियम रिजर्व में इतना तेल है कि करीब 74 दिन तक विदेशों से तेल नहीं भी आए तो देश की जरूरत पूरी हो जाएगी, लेकिन एलपीजी के मामले में स्थिति थोड़ी कठिन है। एलपीजी की सप्लाई चेन के लिए पर्याप्त भंडारण क्षमता का सवाल अलग तरह की परेशानी पैदा करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिए अपने भाषण में भी ऊर्जा सुरक्षा और वैकल्पिक स्रोतों पर जोर दिया।

इसका महत्व इसलिए बढ़ जाता है क्योंकि इस वर्ष के घटनाक्रम ने दिखाया है कि भारत किसी एक क्षेत्र को दूसरे से बदलकर अपनी ऊर्जा सुरक्षा की समस्या को हल नहीं कर सकता। भारत मिडिल ईस्ट में संकट आने पर रूस का रुख करता है। लेकिन जब रूसी तेल के लिए चीन से प्रतिस्पर्धा बढ़ती है तो भारत को ज्यादा जेबें ढीली करनी पड़ सकती हैं, संभव है कि ज्यादा पैसे खर्च करने पर भी तेल की भरपूर आपूर्ति नहीं हो सके। यानी समस्या सप्लायर की नहीं, विकल्पहीनता की है।

यह भी पढ़ें | रूस से क्रूड खरीदकर, उसी को गैसोलीन बेच रहा है भारत! कैसे बना यह उल्टा सिस्टम?

अमेरिकी दबाव और उसके बाद राहत की टाइमलाइन

रूसी तेल की भारतीय खरीद को केवल होर्मुज संकट से जोड़ना अधूरा होगा। अमेरिका इस वर्ष की शुरुआत में भारत पर रूसी तेल की खरीद घटाने का दबाव बना रहा था और चाहता था कि भारतीय रिफाइनरियां वेनेजुएला तथा अमेरिका के तेल की ज्यादा खरीद करे।

फरवरी में रॉयटर्स ने रिपोर्ट दी थी कि भारत सरकार ने रिफाइनरियों को रूसी तेल खरीद तत्काल रोकने का कोई निर्देश नहीं दिया था। पहले से खरीदे गए कच्चे तेल की आपूर्ति करने के लिए भी एक निश्चित समयसीमा की जरूरत थी। मार्च में फाइनैंशियल टाइम्स ने बताया था कि रिलायंस सहित अन्य भारतीय रिफाइनरियां रूसी तेल की खरीद घटाकर सिर्फ प्रति दिन 10 लाख बैरल तक सीमित हो गई थीं।

लेकिन इसके बाद अमेरिकी प्रतिबंध हटने और तात्कालिक राहत मिलने से खरीद बढ़ाने की गुंजाइश मिली। अप्रैल में S&P ग्लोबल ने बताया कि अप्रैल में प्रतिबंध हटने से भारतीय रिफाइनरियों ने रूसी तेल कंपनियों से दोबारा बातचीत शुरू कर दी थी।

इसलिए क्रोनोलॉजी को केवल 'अमेरिका का दबाव खत्म हुआ और भारत ने रूस से तेल खरीदना शुरू कर दिया' कहना गलत होगा। वास्तविक घटनाक्रम अधिक जटिल था- पश्चिमी प्रतिबंधों और अमेरिकी दबाव के कारण भारतीय रिफाइनरियों की सावधानी, फिर प्रतिबंधों के हटने और अस्थायी राहत, उसके बाद कच्चे तेल की खरीद और अंततः खाड़ी देशों से आपूर्ति प्रभावित होने के बाद रूसी कच्चे तेल के आयात में तेज बढ़ोतरी।

भारत की एनर्जी सिक्यॉरिटी कितनी दुरुस्त?

ऊर्जा सुरक्षा के मामले में भारत के लिए रूस एक महत्वपूर्ण कवच है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं। जून-जुलाई में 2.6-2.7 मिलियन बैरल प्रति दिन से अधिक रूसी तेल खरीदने के बाद अगस्त में आयात का 1.87 मिलियन बैरल प्रति दिन तक गिरना अपने आप में इसका प्रमाण है।

अगर रूस के पास तेल उत्पादन क्षमता पर्याप्त होती तो चीन की बढ़ी हुई मांग के बाद भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित नहीं होती, लेकिन ऐसा ही हुआ। इसका अर्थ है कि चीन की मांग पूरी करने के बाद रूस के पास भारत के लिए पर्याप्त मात्रा में कच्चा तेल उपलब्ध नहीं होता है। यानी, जब रूसी कच्चे तेल की वैश्विक मांग बढ़ेगी, तब भारत को कीमत और उपलब्धता, दोनों मोर्चों पर कठिनाई का सामना करना पड़ेगा।

दूसरी ओर, मिडिल ईस्ट पर वापस निर्भर होना भी पूरी तरह सुरक्षित विकल्प नहीं है। होर्मुज संकट ने इसकी कीमत दिखा दी है। लैटिन अमेरिका और अमेरिका से तेल खरीद कर भारत अपने विकल्प बढ़ा सकता है, लेकिन उसकी दूसरी समस्याएं हैं। ढुलाई, तेल की क्वॉलिटी, रिफाइनरियों को उस तेल के अनुकूल बनाने की जरूरत जैसे कारक इन्हें रूस का विकल्प बनने में वर्षों लगाएंगे।

यह भी पढ़ें | रूस से सस्ता तेल लेने की राह में अड़ंगा बनने लगा चीन, क्या करेगा भारत?

भारत के सामने ऊर्जा सुरक्षा का असली चुनौती

यही भारत की ऊर्जा सुरक्षा की असली चुनौती है। उसे किसी एक 'सुरक्षित' सप्लायर की तलाश नहीं, बल्कि ऐसे डायवर्सिफाइड सप्लाई पोर्टफोलियो की जरूरत है जिसमें रूस, खाड़ी देश, अमेरिका, लैटिन अमेरिका और घरेलू स्रोतों, सभी की भूमिका हो। इसलिए, जून-जुलाई में रूसी तेल की खरीद में वृद्धि भारत की ताकत और कमजोरी दोनों को दिखाता है।

ताकत इसलिए कि भारतीय रिफाइनरियां संकट के समय तेजी से अपना कच्चा तेल बास्केट बदल सकते हैं। कमजोरी इसलिए कि इस बदलाव की कीमत और उपलब्धता खुद दूसरे देशों की मांग और भू-राजनीतिक घटनाओं पर निर्भर है। यानी जून-जुलाई का रिकॉर्ड शायद भारत की ऊर्जा सुरक्षा की कहानी का समाधान नहीं, बल्कि उसकी सबसे बड़ी कमजोरी का स्ट्रेस टेस्ट था।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमबिजनेससस्ते में मिल जाता है रूसी तेल, फिर किस बात की चिंता? ऊर्जा सुरक्षा पर भारत का असली टेंशन समझिए
More