
Putin India Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय दौरे के लिए भारत में हैं। पुतिन के दौरे का आज (शुक्रवार, 5 दिसंबर) दूसरा दिन है। पुतिन ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्हें इससे पहले राष्ट्रपति भवन में 21 तोपों की सलामी दी गई। पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में साझा बयान जारी किया। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए और कई अहम ऐलान किए गए। इनमें सबसे बड़ा और अहम ऐलान पर्यटन को लेकर किया गया।
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस (जॉइंट पीसी) में घोषणा की कि जल्द ही रूसी नागरिकों के लिए 30 दिन का निशुल्क ई-टूरिस्ट वीजा और 30 दिन का ग्रुप टूरिस्ट वीजा जारी करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि हम जल्द ही रूसी नागरिकों के लिए ई-टूरिस्ट वीजा और ग्रुप टूरिस्ट वीजा सेवाएं शुरू करेंगे।
इसकी प्रक्रिया 30 दिनों के भीतर पूरी हो जाएगी और यह निःशुल्क होगी। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और रूस ने दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए विजन 2030 दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल दोनों देशों के लिए कई व्यावसायिक अवसर खोलेगी।
ई-टूरिस्ट वीजा एक तरह का इलेक्ट्रॉनिक (ऑनलाइन) वीजा है। यह पूरी तरह से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया है। यानी आपको वीजा के लिए कहीं भी दफ्तर जाने की जरूरत नहीं होती। पर्यटक मनोरंजन, घूमने-फिरने, या रिश्तेदारों से मिलने जैसे कामों के लिए इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। एक बार आवेदन मंज़ूर होने पर, आपको ईमेल पर इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल अथॉराइजेशन (ETA) मिल जाता है। यह अथॉराइजेशन आपके पासपोर्ट से इलेक्ट्रॉनिक रूप से जुड़ा है। यह प्रक्रिया पारंपरिक वीजा के मुकाबले बहुत आसान और तेज होती है। सरकार के इस कदम से भारत में रूसी पर्यटकों की संख्या में बड़ा उछाल आने की उम्मीद है।
मोदी ने कहा कि पिछले आठ दशकों में विश्व में अनेक उतार चढ़ाव आए हैं। मानवता को अनेक चुनौतियों और संकटों से गुजरना पड़ा है। इन सबके बीच भी भारत-रूस मित्रता एक ध्रुव तारे की तरह बनी रही है। परस्पर सम्मान और गहरे विश्वास पर टिके ये संबंध समय की कसौटी पर हमेशा खरे उतरे हैं। आज राष्ट्रपति पुतिन और मुझे भारत-रूस व्यापार मंच में शामिल होने का अवसर मिलेगा। मुझे पूरा विश्वास है कि ये मंच हमारे व्यापार संबंधों को नई ताकत देगा।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.